पंजाब की जनता मेरे साथ है, फर्जी वीडियो पर विश्वास नहीं करेगी सीएम भगवंत मान
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि विपक्ष उनसे राजनीतिक रूप से मुकाबला नहीं कर पा रहा है, इसलिए धर्म का सहारा लेकर उनके खिलाफ एआई का इस्तेमाल कर फर्जी वीडियो बनाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब की जनता उनके साथ है और किसी भी फर्जी वीडियो पर विश्वास नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने वीडियो से जुड़ी फॉरेंसिक रिपोर्ट में हेरफेर के आरोपों पर कहा कि पिछले कुछ दिनों से बहुत घटिया राजनीति के तहत मेरे फर्जी वीडियो जारी किए जा रहे हैं। जब वे हर मोर्चे पर नाकाम हो जाते हैं, तो मुझे बदनाम करने के लिए धार्मिक मुद्दा उठाते हैं। हमने फॉरेंसिक लैब से जांच करवाई। अब उन्होंने लैब के मालिक पर हमला किया है और उन्हें धमकाकर अपनी मर्जी का बयान दिलवाना चाहते हैं। अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस सब एक हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि मैं आम जनता का आदमी हूं। मैं पानी, शिक्षा, बिजली और नौकरियों के लिए काम करता हूं। मुझे जितना चाहे बदनाम कर लें, लेकिन राजनीति को इस हद तक नहीं गिराना चाहिए। मैं यह पूरा मामला पंजाब की जनता पर छोड़ता हूं। सच तो यह है कि ये लोग अब पंजाब में न राजनीतिक और न ही सामाजिक रूप से अपना चेहरा दिखाने की स्थिति में हैं। इसलिए उन्होंने धार्मिक आधार पर भगवंत मान को बदनाम करने का फैसला किया है। वे रोज नए-नए फर्जी वीडियो बनाकर उन्हें वायरल कर रहे हैं।
मान ने कहा, "हमने फॉरेंसिक लैब से जांच करवाई, हमारी रिपोर्ट असली है। इन्होंने जांच करवाई, इनकी रिपोर्ट नकली है। अब ये लैब मालिकों को एफआईआर का डर दिखाकर अपनी बात मनवाना चाहते हैं। मैं सच्चे दिल से पंजाब के हित में खड़ा हूं। क्या कोई व्यक्ति इतनी घटिया हरकत सपने में भी सोच सकता है?।
भगवंत मान ने कहा कि जनता का समर्थन उनके साथ है और विपक्ष के पास झूठा प्रचार करने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। आप आपकी जनसभाओं में भारी भीड़ देखकर विपक्ष घबरा गया है, इसलिए वे फर्जी वीडियो के जरिए बदनामी का खेल खेल रहे हैं।
विपक्ष का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वे गुरुद्वारों के बाहर मेरे पोस्टर लगाने की बात कर रहे हैं, लेकिन सुखबीर बादल के पोस्टर क्यों नहीं लगाते। उन्होंने तो बेअदबी के आरोप खुद स्वीकार कर लिए थे।
उन्होंने कहा कि मैं सच्चे दिल से पंजाब के हित में खड़ा हूं। क्या कोई इंसान इतनी घटिया हरकत सपने में भी सोच सकता है।अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा अब सिर्फ एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तक सीमित रह गया है। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल मिलकर एक सांझा मोर्चा बना चुके हैं। लेकिन, जनता को पता है कि मान हमेशा उनके साथ है। मुझे मेरे वायरल वीडियो को लेकर कई लोगों ने मुझसे संपर्क किया और बताया कि यह वीडियो फर्जी है, आप इसमें नहीं हो।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 5:06 PM IST












