अभिनेत्री एलनाज नौरोजी की जिंदगी में योग और संगीत से आया बदलाव, बताया अपना अनुभव
मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वर्ल्ड म्यूजिक डे मनाया जाएगा। जिसकी तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है। जिसको लेकर अभिनेत्री एलनाज नौरोजी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनका कहना है कि योग और संगीत ने उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल जिंदगी में बदलाव लाने वाली भूमिका निभाई है।
जुबिन नौटियाल के साथ एलनाज अपने हिंदी सिंगिंग डेब्यू 'हुआ' के जरिए म्यूजिक की दुनिया में एक नया सफर शुरू करने जा रही हैं और साथ ही योग से मिलने वाले सुकून का भी जश्न मना रही हैं। उन्होंने कहा, "योग और म्यूजिक, दोनों से मुझे हमेशा एक जैसा सुकून मिला है। दोनों के लिए जरूरी है कि आप थोड़ा ठहरें, वर्तमान में रहें और अपने अंदर की गहराई से जुड़ें।"
उन्होंने कहा, "एक आर्टिस्ट के तौर पर, मेरी जिंदगी अक्सर यात्रा, परफॉर्मेंस और लगातार भागदौड़ से भरी रहती है, इसलिए योग मुझे बैलेंस बनाने में मदद करता है, जबकि म्यूजिक मुझे उन भावनाओं को जाहिर करने में मदद करता है, जिन्हें कभी-कभी शब्दों में नहीं कहा जा सकता।"
उन्होंने आगे कहा, "यह साल मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि मैं इंटरनेशनल योग डे मना रही हूं और साथ ही जुबिन नौटियाल के साथ अपने हिंदी सिंगिंग डेब्यू 'हुआ' के जरिए म्यूजिक की दुनिया में एक रोमांचक नया सफर भी शुरू कर रही हूं।"
एक्ट्रेस ने आगे कहा, "योग की तरह ही, म्यूजिक में भी लोगों को ठीक करने, उनका हौसला बढ़ाने और उन्हें एक साथ लाने की ताकत है। मुझे इस साल दिल्ली में योग डे के खास सेलिब्रेशन का हिस्सा बनने पर गर्व है, और मुझे उम्मीद है कि हर किसी को कोई न कोई ऐसी चीज मिलेगी। चाहे वह योग हो, म्यूजिक हो या कुछ और। जिससे उन्हें खुशी, ठहराव और अंदरूनी शांति मिले।"
एलनाज नौरोजी के प्रोफेशनल करियर की बात करें तो अभिनेत्री को नेटफ्लिक्स की मशहूर सीरीज 'सेक्रेड गेम्स' में जोया मिर्जा का किरदार निभाकर काफी पहचान मिली। उसके बाद से वह कई फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 3:01 PM IST












