झारखंड चतरा में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपहृत छह ग्रामीणों को छुड़ाया, पांच बदमाश गिरफ्तार
रांची, 20 जून (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को हड़गड़ी जंगल में मुठभेड़ के बाद फिरौती के लिए अपहृत 6 ग्रामीणों को सकुशल बरामद कर लिया गया। बदमाशों ने खुद को प्रतिबंधित संगठन एमसीसी का सदस्य बताया था।
बता दें कि 18 जून की रात 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि टूंटीलावा से हेसातु जाने वाले रास्ते पर हड़गड़ी जंगल में 6 ग्रामीणों का अपहरण कर लिया गया है। अपराधी बंधकों को छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये फिरौती की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया।
सर्च ऑपरेशन चलाते हुए जैसे ही पुलिस जंगल में घुसी तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोलियां चलाई गईं। पुलिस की इस आक्रामक जवाबी कार्रवाई से भयभीत होकर बदमाश अपहरण किए गए लोगों को वहीं छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 6 ग्रामीणों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
इसके बाद पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर घटना में शामिल 6 में से 5 अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में टंडवा निवासी रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 3 देसी भराठी बंदूक, एक पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर, एक बड़ी गुप्ती (चाकू) और पीड़ितों से लूटे गए 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सिमरिया थाना में गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
एसडीपीओ सिमरिया शुभम नागरगोजे ने बताया कि 18 जून को एक जानकारी मिली 6 लोगों का अपहरण कर लिया गया है। चार पुरुष और दो महिलाओं का अपहरण किया गया था। आरोपियों की ओर से एक लाख रुपए फिरौती की डिमांड की गई थी। एसपी ने एक छापामारी टीम का गठन किया। जंगल में तलाशी के दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
एसडीपीओ सिमरिया ने आगे बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई से आरोपियों ने अहरण किए गए लोगों को वहीं छोड़कर भाग गए। सभी का रेस्क्यू किया गया। सभी को सही सलामत थाने लाया गया। उन्होंने बताया कि छह आरोपियों में से पांच की गिरफ्तारी कर ली गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 3:01 PM IST












