दुनियाभर के दूतावासों ने भारत के साथ मनाया रोशनी का पर्व, दिवाली की शुभकामनाएं दीं

दुनियाभर के दूतावासों ने भारत के साथ मनाया रोशनी का पर्व, दिवाली की शुभकामनाएं दीं
भारत और दुनिया भर में रविवार को लोग दीपावली का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों ने भी लोगों को रोशनी के इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और दुनिया भर में रविवार को लोग दीपावली का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों ने भी लोगों को रोशनी के इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

भारत में स्थित ग्रीस के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर दीपावली की बधाई देते हुए अपने समारोह की कुछ झलकियां भी साझा कीं।

दूतावास की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में ग्रीक राजनयिकों ने दीपावली से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। उनसे उनकी पसंदीदा दीपावली मिठाई, भारत में उनकी सबसे यादगार दीपावली और ऐसी कौन-सी दीपावली परंपरा है जिसे वे अपने देश ले जाना चाहेंगे, जैसे सवाल पूछे गए।

एक राजनयिक ने कहा, "हमारे सभी भारतीय दोस्तों के लिए मेरी दीपावली की शुभकामना है कि आपकी जिंदगी काजू बर्फी की तरह मीठी हो। शुभ दीपावली।"

एक अन्य राजनयिक ने कहा, "मैंने दीपावली के बारे में एक बात सीखी है कि रोशनी सिर्फ मनाने की चीज नहीं है, बल्कि इसे दूसरों के साथ बांटने का एक तरीका भी है। अगर रोशनी लोगों को जोड़ सकती है, तो उसकी कोई सीमा नहीं होती।"

यूरोपीय संघ के भारत स्थित प्रतिनिधिमंडल ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी दीपावली के अवसर पर लोगों को बधाई दी। भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने भी दीपावली का उत्सव मनाया।

फिलिप ग्रीन की ओर से 'एक्‍स' पर साझा की गई तस्वीरों में दूतावास के अधिकारी पारंपरिक भारतीय कपड़ों में नजर आए और उत्साह के साथ नृत्य करते दिखे।

ग्रीन ने लिखा, "सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। उच्चायोग परिवार के साथ दीपावली मनाना हमेशा खास होता है। इस बार यह और भी विशेष है क्योंकि भारत में उच्चायुक्त के रूप में यह मेरी आखिरी दीपावली है। यह दिन गर्मजोशी, त्योहार की खुशियों और ढेर सारे नृत्य से भरा यादगार दिन रहा।"

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, "हमारे उच्चायोग के दीपावली समारोह की कुछ और झलकियां। रंगों, रोशनी, हंसी और त्योहार की खुशियों से भरा दिन, जब हमारा पूरा उच्चायोग परिवार रोशनी के इस पर्व को मनाने के लिए एक साथ आया।"

भारत में यूक्रेन के दूतावास ने भी दीपावली के मौके पर शुभकामनाएं दीं। 'एक्‍स' पोस्‍ट पर साझा किए गए एक वीडियो में भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सेंडर पोलिशचुक ने कहा, "नमस्ते और हैप्पी दीपावली। हम अपने सभी भारतीय मित्रों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं, खासकर उन भारतीयों को जो इन कठिन परिस्थितियों में यूक्रेन में हमारे साथ रह रहे हैं। दीपावली की रोशनी गर्मजोशी, उम्मीद, शांति और बेहतर दिनों का संदेश लेकर आए। रोशनी की जीत हो।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story