पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने सियालदह मंडल का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा
कोलकाता, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व रेलवे (ईआर) की महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने शनिवार को भारतीय रेलवे के सबसे व्यस्त मंडलों में से एक सियालदह मंडल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिचालन दक्षता, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।
सियालदह मंडल में प्रतिदिन लाखों यात्री यात्रा करते हैं। यहां 700 से अधिक ईएमयू लोकल और यात्री ट्रेनों के साथ-साथ उत्तर बंगाल और उत्तर भारत के लिए कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित होती हैं।
निरीक्षण के दौरान गीतिका पांडे ने सियालदह और कल्याणी स्टेशनों पर यात्रियों तथा रेलवे के फ्रंटलाइन कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने सियालदह-कल्याणी खंड में चल रही स्टेशन विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने सियालदह स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और संरक्षा उपायों का स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने क्रू लॉबी का दौरा कर लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों के बुकिंग प्रबंधन सिस्टम की जांच की, ताकि परिचालन दक्षता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए उन्होंने फ्रंटलाइन सुरक्षा कर्मचारियों से सीधे बातचीत की और संचालन संबंधी परिस्थितियों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने सियालदह-कल्याणी सेक्शन में विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया, जिसमें ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता और पूरे मार्ग की सुरक्षा का आकलन किया गया।
कल्याणी पहुंचने पर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इनमें फुट ओवरब्रिज निर्माण, कार पार्किंग का विस्तार, यात्री सुविधाओं का विकास, स्टेशन के नए स्वरूप और यात्री संपर्क क्षेत्रों का उन्नयन शामिल है।
पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, 1 अगस्त को कार्यभार संभालने के बाद से गीतिका पांडे सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूर्व रेलवे के चारों मंडलों के 780 से अधिक फ्रंटलाइन कर्मचारियों से संवाद कर परिचालन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की थी।
वह वर्तमान में चल रहे श्रावणी मेले के दौरान भी सुरक्षा, संरक्षा और परिचालन व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस मेले में लाखों श्रद्धालु देवघर और तारकेश्वर की यात्रा करते हैं।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने कहा, "पूर्व रेलवे आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ सुरक्षा और यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। नियमित निरीक्षणों से उच्च परिचालन मानकों को बनाए रखने और यात्रियों की शिकायतों व सुझावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 11:47 PM IST












