पिता धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं ईशा देओल, बोलीं- 'उनके बिना जिंदगी में खालीपन है'

पिता धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं ईशा देओल, बोलीं- उनके बिना जिंदगी में खालीपन है
अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को एक साल पूरा हो गया है। उनकी पहली पुण्यतिथि पर बेटी ईशा देओल एक बार फिर पिता को याद कर भावुक हो गईं। ईशा के लिए धर्मेंद्र सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि उनके सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम और मार्गदर्शक भी थे।

मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को एक साल पूरा हो गया है। उनकी पहली पुण्यतिथि पर बेटी ईशा देओल एक बार फिर पिता को याद कर भावुक हो गईं। ईशा के लिए धर्मेंद्र सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि उनके सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम और मार्गदर्शक भी थे।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने बताया कि अपने काम और फिल्मों से जुड़े फैसले लेते समय वह हमेशा माता-पिता से चर्चा करती थीं। पिता के जाने के बाद उनकी जिंदगी में जो खालीपन आया है, उसे शब्दों में बयां करना उनके लिए आसान नहीं है।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू के दौरान ईशा ने बताया, ''जब भी मैं कोई प्रोजेक्ट साइन करती थी या फिल्मों को लेकर हमारी चर्चा होती थी, तो मैं हमेशा अपने माता-पिता को बताती थी कि मैं क्या कर रही हूं और आगे क्या करने वाली हूं। वे हमेशा मेरा बहुत साथ देते थे।''

उन्होंने आगे कहा, ''उनके बिना जिंदगी में खालीपन है, लेकिन मुझे आज भी अपने पिता की मौजूदगी का एहसास होता है।''

वह कई बार अपने इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बता चुकी हैं कि धर्मेंद्र का उनके जीवन पर कितना गहरा प्रभाव रहा है। पिता से मिले संस्कार, प्यार और मार्गदर्शन आज भी उनके फैसलों का हिस्सा हैं।

धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को मुंबई में हुआ था। वह 89 साल के थे। उनको सांस लेने में परेशानी थी, जिसके चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक अस्पताल में उनका इलाज चला। इस दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार खबरें आती रहीं। 11 नवंबर को सोशल मीडिया पर उनके निधन की झूठी खबरें भी फैल गई थीं। इस पर हेमा मालिनी और ईशा देओल ने बताया था कि धर्मेंद्र का इलाज चल रहा है और वह ठीक हो रहे हैं। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और परिवार ने आगे का इलाज घर पर ही जारी रखने का फैसला किया।

24 नवंबर को धर्मेंद्र ने अपने मुंबई स्थित घर पर अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के अलावा फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और संजय दत्त समेत कई सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story