विश्व मांसाहार रहित दिवस 2026 पशुओं के प्रति करुणा और शाकाहारी जीवनशैली को बढ़ावा देना उद्देश्य

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व मांसाहार रहित दिवस (वर्ल्ड मीट-फ्री डे), जिसे अंतरराष्ट्रीय मांसाहार रहित दिवस (इंटरनेशनल मीट-फ्री डे) के नाम से भी जाना जाता है, हर साल 25 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिवस प्रत्येक वर्ष 25 नवंबर को प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और शिक्षाविद् साधु टी.एल. वासवानी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय मांसाहार रहित दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच पशुओं के प्रति करुणा और शाकाहारी जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इस दिन को मनाने की शुरुआत 25 नवंबर 1986 को शाकाहार के समर्थक और समाज सुधारक साधु टी.एल. वासवानी की जयंती के अवसर पर की गई थी।
इसका उद्देश्य जानवरों की हत्या रोकना और पर्यावरण व स्वास्थ्य पर मांसाहार के प्रभावों के प्रति लोगों के बीच जागरूकता फैलाना है। यह दिवस शाकाहार को प्रोत्साहन देने के मकसद से मनाया जाता है। इस दिन देश के अलग-अलग संस्थान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को कम से कम इस दिन या नियमित रूप से मांस के बजाय दाल, सब्जियां, फल और अनाज अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय मांसाहार रहित दिवस एक सामान्य दिन नहीं है। इसे मनाने के पीछे खास वजह है, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण से संबंधित है। दरअसल, साधु टी.एल. वासवानी शाकाहार के एक बड़े समर्थक थे। उनका मानना था कि मांसाहारी भोजन करने से सिर्फ हमारा मन और शरीर ही नहीं, बल्कि पर्यावरण भी प्रभावित होता है।
अगर आप सोच रहे हैं कि इस दिन को मनाने के पीछे का मकसद मांस न खाना है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। यह दिन हमें बताता है कि रोजाना या आए दिन मांस खाने की आदत न सिर्फ हमारे मन और शरीर पर बुरा प्रभाव डालती है, बल्कि इसका असर पर्यावरण और जानवरों पर भी पड़ता है।
पर्यावरण, स्वास्थ्य और पशुओं के प्रति करुणा और जागरूकता फैलाने के लिए विश्व मांसाहार रहित दिवस के अलावा इसी प्रकार के कई और दिवस मनाए जाते हैं, जिनमें 1 अक्टूबर को विश्व शाकाहार दिवस और 1 नवंबर को विश्व वीगन दिवस शामिल है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
