इंडोनेशिया के जावा सागर में 'मुतियारा सैंटोसा-2' जहाज में लगी आग; पांच की मौत, 41 लापता

इंडोनेशिया के जावा सागर में मुतियारा सैंटोसा-2 जहाज में लगी आग; पांच की मौत, 41 लापता
इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत में मदुरा द्वीप के उत्तर में जावा सागर में 'मुतियारा सैंटोसा-2' नामक जहाज में आग लग गई। राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 42 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

जकार्ता, 2 अगस्त (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत में मदुरा द्वीप के उत्तर में जावा सागर में 'मुतियारा सैंटोसा-2' नामक जहाज में आग लग गई। राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 42 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

एजेंसी के मुताबिक, यह जहाज सुराबाया से मकासार जाने वाले मार्ग पर चल रहा था और इसमें कुल 271 लोग सवार थे, जिनमें 232 यात्री और 39 चालक दल के सदस्य शामिल थे।

सुराबाया खोज एवं बचाव कार्यालय के अनुसार, जहाज रविवार सुबह पूर्वी जावा के सुराबाया से सुलावेसी द्वीप के मकासार के लिए रवाना हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि जब जहाज में आग लगी, तब वह तट से करीब 19 नॉटिकल मील (35.2 किलोमीटर) दूर था। आग ने लगभग पूरे जहाज को अपनी चपेट में ले लिया था। बचाव का इंतजार करते हुए यात्री जहाज के पुल और आगे के हिस्से पर इकट्ठा हो गए थे।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, आसपास मौजूद कई जहाज बचाव अभियान में शामिल हुए। वहीं, संयुक्त खोज एवं बचाव दल ने अतिरिक्त जहाज और कर्मियों को भेजकर बचे हुए लोगों को निकालने और लापता लोगों की तलाश शुरू की।

फिलहाल खोज अभियान जारी है और आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।

जून में भी इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसियों ने केएम नुरुल साल्सा यात्री नाव के डूबने के बाद लापता 14 लोगों की तलाश का अभियान रोक दिया था। यह नाव दक्षिण सुलावेसी प्रांत के तट के पास डूब गई थी।

राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी ने बताया कि दस दिनों तक चले खोज अभियान में कोई नया सुराग नहीं मिला। सभी निर्धारित खोज क्षेत्रों की अच्छी तरह जांच करने के बावजूद कुछ पता नहीं चल सका, इसलिए अभियान को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

एजेंसी के अनुसार, नाव पर कुल 76 लोग सवार थे। इनमें से 58 लोगों को बचा लिया गया, चार लोगों के शव मिले, जबकि 14 लोग अब भी लापता हैं।

एजेंसी ने कहा कि अगर आगे कोई नई जानकारी मिलती है या किसी लापता व्यक्ति के मिलने की सूचना मिलती है, तो बचाव अभियान फिर से शुरू किया जाएगा।

यह नाव 15 जुलाई को दक्षिण सुलावेसी के समुद्री क्षेत्र में इंजन खराब हो जाने के बाद डूब गई थी। उस समय यह जाम्पेआ द्वीप से बेंटेंग की ओर जा रही थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Aug 2026 6:08 PM IST

Tags

Next Story