हैदराबाद में भारी क्रेन गिरने से पांच मजदूरों की मौत, 12 अन्य घायल

हैदराबाद में भारी क्रेन गिरने से पांच मजदूरों की मौत, 12 अन्य घायल
हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित एक सीमेंट ईंट कंपनी में तेज हवा के कारण सोमवार शाम एक विशाल क्रेन के गिर जाने से पांच मजदूरों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।

हैदराबाद, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित एक सीमेंट ईंट कंपनी में तेज हवा के कारण सोमवार शाम एक विशाल क्रेन के गिर जाने से पांच मजदूरों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।

यह घटना रंगारेड्डी जिले के शंकरपल्ली मंडल के महालिंगपुरम में सीमेंट ईंट कंपनी में हुई।

हादसे की सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और बचाव-राहत कार्य शुरू कर दिया। घायलों को शंकरपल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से दो मजदूरों की हालत बहुत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान अली हुसैन (35), नागेंद्र (30), साजिद (32), मिथुन और सोनू के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय साइट पर 17 मजदूर थे। सीमेंट ईंटों का भार उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और इलाके में आंधी-तूफान व तेज हवाओं के कारण वह गिर गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

इस बीच, हैदराबाद के अंबरपेट में एक ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार, आग महिंद्रा सर्विस सेंटर में लगी थी। अग्निशमन कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के कई घंटों तक लगातार प्रयास करने के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। पूरा इलाका घने धुएं की चपेट में आ गया, जिससे आस-पास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।

एक अन्य घटना में हैदराबाद के गाचीबोवली इलाके में एक दुर्घटना में जेसीबी चालक की मौत हो गई। जेसीबी को एक इमारत को गिराने के काम में लगाया गया था। इमारत का मलबा चालक पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान जाकिर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 10:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story