गुजरात को मिला पहला शहरी केबल-स्टेड फ्लाईओवर, अहमदाबाद-गांधीनगर कॉरिडोर पर ट्रैफिक होगा आसान
अहमदाबाद, 5 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद-गांधीनगर कॉरिडोर पर राज्य के पहले शहरी केबल-स्टेड फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए कोबा सर्कल और भाट सर्कल के बीच नर्मदा मुख्य नहर पर बने मौजूदा छह लेन के पुल को 12 लेन तक चौड़ा करने की परियोजना की आधारशिला भी रखी गई।
गांधीनगर-एयरपोर्ट रोड पर भाट सर्कल में बना यह फ्लाईओवर 1.48 किलोमीटर लंबा है। इसका निर्माण करीब 175 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। यह परियोजना राज्य के सड़क एवं भवन विभाग और अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण की 50:50 फीसदी साझेदारी से पूरी की गई है। राज्य सरकार के अनुसार, यह गुजरात के किसी शहरी क्षेत्र में बनाया गया पहला केबल-स्टेड फ्लाईओवर है।
सरकार ने नर्मदा मुख्य नहर पर कोबा सर्कल के पास बने मौजूदा छह लेन पुल के दोनों ओर तीन-तीन लेन के नए पुलों के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 48 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
सरकार का कहना है कि इस विस्तार का उद्देश्य कोबा सर्कल और भाट सर्कल के बीच बनने वाली ट्रैफिक की बाधा को खत्म करना और भविष्य में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को आसानी से संभालना है।
अहमदाबाद-गांधीनगर कॉरिडोर राज्य की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। सरकार के मुताबिक, गांधीनगर-कोबा-एयरपोर्ट रोड और एसपी रिंग रोड पर हर दिन 1.93 लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं।
भाट सर्कल पर अक्सर भारी ट्रैफिक जाम लगता था, जिससे यात्रियों को देरी के साथ-साथ ईंधन की भी अधिक खपत होती थी। अब नए फ्लाईओवर के शुरू होने से एसपी रिंग रोड का ट्रैफिक फ्लाईओवर के नीचे से गुजरेगा जबकि अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच आने-जाने वाले वाहन फ्लाईओवर का इस्तेमाल करेंगे। इससे दोनों दिशाओं का ट्रैफिक अलग-अलग रहेगा और जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।
परियोजना के तहत एसपी रिंग रोड, वडोदरा और सूरत की ओर जाने वाले वाहनों के लिए दोनों तरफ तीन-तीन लेन की छह लेन सर्विस रोड भी बनाई गई हैं।
इस मौके पर सांसद हसमुखभाई पटेल, गांधीनगर की विधायक रीता पटेल और अल्पेश ठाकोर, गांधीनगर की मेयर मीरा पटेल, भाजपा शहर अध्यक्ष आशीष दवे, सड़क एवं भवन विभाग के सचिव प्रभात पटिया, समेत कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 3:25 PM IST










