शक्ति केंद्र मजूबत होगा तो मिलेगी बंगाल जैसी जीत सीएम योगी

शक्ति केंद्र मजूबत होगा तो मिलेगी बंगाल जैसी जीत  सीएम योगी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के जरिए संगठन और कार्यकर्ताओं में चुनावी ऊर्जा भरने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब जिन सरकारों के समय प्रदेश में माफिया पाले जाते थे और हर जिले में कट्टा-बम बनवाए जाते थे, वहीं आज उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन का निर्माण कर रहा है।

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के जरिए संगठन और कार्यकर्ताओं में चुनावी ऊर्जा भरने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब जिन सरकारों के समय प्रदेश में माफिया पाले जाते थे और हर जिले में कट्टा-बम बनवाए जाते थे, वहीं आज उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन का निर्माण कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि पिछली सरकारों का उद्देश्य केवल अपना लूटतंत्र मजबूत करना था। उन्होंने कहा कि जब शक्ति केंद्र मजबूत होगा तब बंगाल जैसी जीत मिलने में कठिनाई नहीं होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है और वर्तमान पीढ़ी विकसित भारत की संकल्पना को साकार होते हुए देख रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। अंत्योदय की अवधारणा को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दिया था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से धरातल पर उतारा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति का पहला सूत्र राजनीतिक स्थिरता है। बिना स्थिर सरकार के सुशासन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को स्थिर सरकार देने की परंपरा स्थापित की और भाजपा ने उसी आधार पर सुशासन का मॉडल विकसित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास और विरासत को साथ लेकर चलने का मॉडल दिया है और उत्तर प्रदेश उसकी सबसे बड़ी प्रयोगशाला बना है। अयोध्या का भव्य स्वरूप, काशी विश्वनाथ धाम का कायाकल्प और दिव्य-भव्य महाकुंभ इसी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है और यहां ब्रह्मोस मिसाइल व ड्रोन जैसे रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल जाति की राजनीति के जरिए समाज को बांटते रहे, लेकिन डबल इंजन सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि शक्ति केंद्र मजबूत होंगे तो पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी भाजपा की जीत का रास्ता आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यदि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित है तो इसका श्रेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जाता है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके सपने को साकार किया है।

सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह सामान्य बैठक नहीं, बल्कि 2027 में 2017 से भी बड़ी जीत का श्रीगणेश है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश से माफिया राज समाप्त हुआ, विकास को गति मिली और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडाराज था और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी, लेकिन आज अपराधी कानून के डर से छिपने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। ब्रजेश पाठक ने महिला आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक आने पर इन दलों ने केवल घड़ियाली आंसू बहाए, जबकि भाजपा ने महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की महिलाएं 2027 में भाजपा को फिर सत्ता में लाने का संकल्प ले चुकी हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की पहचान बदल दी है। पहले प्रदेश की पहचान माफिया राज से होती थी, जबकि आज यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है और भारत रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी ताकत बूथ और शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता हैं और 2027 की जीत की बुनियाद भी यही कार्यकर्ता तैयार करेंगे।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 5:06 PM IST

Tags

Next Story