यमन के लाल सागर तट में मालवाहक जहाज पर हमला, यूकेएमटीओ ने जारी किया अलर्ट

यमन के लाल सागर तट में मालवाहक जहाज पर हमला, यूकेएमटीओ ने जारी किया अलर्ट
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, रविवार को यमन के लाल सागर तट के पास एक मालवाहक जहाज पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया है।

लंदन/यमन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, रविवार को यमन के लाल सागर तट के पास एक मालवाहक जहाज पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया है।

यूकेएमटीओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उसे यमन के होदेदाह बंदरगाह से करीब 30 समुद्री मील (लगभग 56 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में इस घटना की सूचना मिली। फिलहाल मामले की जांच जारी है। एजेंसी ने हमलावरों की पहचान, संभावित हताहतों या जहाज को हुए नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

एजेंसी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र से गुजर रहे सभी जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी गई है।

फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

हाल के महीनों में लाल सागर और अदन की खाड़ी में व्यापारिक जहाजों पर हमले, जहाजों पर कब्जे की कोशिश और समुद्री डकैती की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे इस क्षेत्र की समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

पिछले सप्ताह भारतीय नौसेना ने समुद्री डकैती की कोशिश को नाकाम कर दिया था। नौसेना प्रवक्ता ने एक्स पर लिखा, "भारतीय नौसेना ने जिबूती से लगभग 300 समुद्री मील पूर्व-उत्तर-पूर्व में एक मालवाहक जहाज पर समुद्री डाकुओं के हमले की कोशिश को विफल किया।"

एमवी गोल्डन आर्सेनल नाम का यह जहाज सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनाडाइंस के झंडे के तहत संचालित हो रहा था और यमन के अदन से रवाना हुआ था। जहाज पर 21 चालक दल के सदस्य, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, सवार थे।

सूचना मिलने के बाद भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड को तत्काल मौके पर भेजा गया। जहाज के कप्तान ने पुष्टि की कि सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, हालांकि हमले में जहाज के ब्रिज और उससे जुड़े हिस्सों को नुकसान पहुंचा था। हमले के दौरान चालक दल ने जहाज के सुरक्षित हिस्से (सिटाडेल) में शरण लेकर अपनी जान बचाई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 5:47 PM IST

Tags

Next Story