पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी पर शहजाद पूनावाला का हमला, बोले- पार्टी हर राज्य में टुकड़े-टुकड़े हो चुकी है
नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत, कांग्रेस के विवाद और संसद के आगामी मॉनसून सत्र पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह पार्टी हर राज्य में टुकड़े-टुकड़े हो चुकी है।
शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हर जगह बिखरी हुई है क्योंकि इसमें न तो कोई लीडरशिप है, न कोई पॉलिसी, न कोई मिशन और न ही कोई विजन। इनके पास सिर्फ कन्फ्यूजन, बंटवारा और पदों की चाहत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अंदर भी वे राहुल गांधी को अपना नेता नहीं मानते, इसीलिए पंजाब कांग्रेस में ऐसा देखने को मिलता है। वहां राजा वडिंग बनाम बाजवा है। चन्नी बनाम राजा वडिंग है। मनीष तिवारी बनाम पंजाब कांग्रेस है। यही हाल दूसरी जगहों पर भी है। केरल में थरूर बनाम केरल कांग्रेस है। कर्नाटक में डीके शिवकुमार बनाम सिद्धारमैया है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल बनाम टीएस सिंह देव है। हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा सिंह बनाम सुक्खू है। 'प्रियंका कांग्रेस' बनाम 'राहुल कांग्रेस' भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई नेता या नीति नहीं बची है, इसलिए टुकड़ों में बिखर जाती है। यही समस्या पंजाब में भी दिखाई दे रही है। जो पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं कर पा रही है, इंडिया गठबंधन के साथियों को एक मंच पर नहीं ला पाते,वह देश को कैसे चला पाएंगे।
गोवा कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन वसीम खान द्वारा पार्टी के रुख और अल्पसंख्यकों के साथ बर्ताव पर सवाल उठाने पर शहजाद पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस पार्टी 'यूज एंड थ्रो' (इस्तेमाल करो और फेंको) की पॉलिसी अपनाती है। वह सिर्फ चाहती है कि मुसलमान उसे सपोर्ट करें लेकिन जब वे अपने अधिकारों की मांग करते हैं, तो पार्टी उनका अपमान करती है। गोवा कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन के साथ जो बर्ताव हुआ, जिसमें धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शामिल है, उससे पता चलता है कि कांग्रेस भले ही सबके सामने कुछ और कहती हो, लेकिन अंदरूनी तौर पर वह मुसलमानों और अल्पसंख्यकों के साथ अलग तरह से पेश आती है।"
इसी बीच भाजपा नेता ने संसद के आगामी मॉनसून सत्र पर विपक्षी दलों से सहयोग की अपील की है। शहजाद पूनावाला ने कहा, "मानसून सत्र शुरू होने वाला है और देश के सामने कई अहम मुद्दे हैं जिन पर चर्चा होनी है, साथ ही कई जरूरी बिल भी हैं। इन पर सर्वदलीय बैठक और बिजनेस एडवाइजरी काउंसिल में चर्चा होगी और एजेंडा तय किया जाएगा। हालांकि, कुछ पार्टियों का इतिहास ऐसा रहा है कि उन्होंने संसद को विचार-विमर्श की जगह के बजाय हंगामे, ड्रामे और विरोध-प्रदर्शन का अखाड़ा बना दिया है।"
उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां राष्ट्रहित नहीं परिवार हित में काम करती हैं। इसके तहत वह संसद को बंधक बनाने की कोशिश करते हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि वह मानसून सत्र में ऐसा नहीं करेंगे।
भाजपा नेता ने दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज होने पर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ साजिश रचने वाले,भारत के टुकड़े-टुकड़े चाहने वाले शरजील इमाम और उमर खालिद की पैरवी लगातार कांग्रेस और उसका इको सिस्टम कर रहा था। इनको नेल्सन मंडेला की तरह, जैसे कि उनके साथ बड़ा अपराध और अन्याय हुआ है, इस प्रकार से प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिए कि मोदी सरकार का विरोध करते हुए देशविरोधी तत्वों के साथ खड़े रहने की क्या मजबूरी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 6:07 PM IST












