वाईएसआरसीपी नेता सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के लिए फंडिंग कर रहे हैं आंध्र प्रदेश सीएम

वाईएसआरसीपी नेता सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के लिए फंडिंग कर रहे हैं आंध्र प्रदेश सीएम
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को आरोप लगाया कि विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता राज्य की तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) नीत गठबंधन सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार अभियान चलाने के लिए आर्थिक मदद दे रहे हैं।

अमरावती, 5 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को आरोप लगाया कि विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता राज्य की तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) नीत गठबंधन सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार अभियान चलाने के लिए आर्थिक मदद दे रहे हैं।

चित्तूर जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र कुप्पम में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वाईएसआरसीपी के नेता कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को उन्हें और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की आलोचना करने के लिए फंडिंग कर रहे हैं।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि "कुल्हाड़ी पार्टी" हिंसा और अभद्र भाषा की राजनीति पर निर्भर है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी राज्य में गुटबाजी और गुंडागर्दी को बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीडीपी नीत गठबंधन सरकार एक ओर कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है, वहीं कुछ लोग हर कदम पर बाधाएं उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं और चाहे कितनी भी रुकावटें पैदा की जाएं, विकास की गति नहीं रुकेगी।

नायडू ने आरोप लगाया कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार ने कंपनियों को जमीन आवंटित करने के बाद उन्हें विवादों में उलझा दिया। उन्होंने दावा किया कि बहुमूल्य जमीन और खनिज संसाधनों का इस्तेमाल केवल एक व्यक्ति के हित में किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाईएसआरसीपी नेताओं की कार्यशैली उद्योगों और कंपनियों को राज्य से बाहर जाने के लिए मजबूर करने की रही है। उन्होंने ओबुलापुरम और अनराक जैसी परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं को भी इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब वाईएसआरसीपी उन सभी परियोजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जिन्हें वास्तव में टीडीपी नीत गठबंधन सरकार ने शुरू किया है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया।

चंद्रबाबू नायडू ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार ने आदिवासी (एजेंसी) क्षेत्रों को गांजा की खेती का केंद्र बना दिया था। उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार भी 'ड्रग-फ्री इंडिया' अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि जो लोग तिरुमला मंदिर के प्रसाद में मिलावट कर श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने के आरोपी रहे हैं, वही अब नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कुप्पम के अपने तीन दिवसीय दौरे के तीसरे दिन कहा कि विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड संख्या में औद्योगिक परियोजनाएं आ रही हैं। उन्होंने बताया कि कुप्पम में सड़क और संचार नेटवर्क समेत सभी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है और जल्द ही लोग एक विकसित कुप्पम देखेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों को इसी तर्ज पर विकसित करने की योजना है।

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि राज्य सरकार ने विकेंद्रीकृत विकास की नीति के तहत सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास की योजना बनाई है। उन्होंने बताया कि सरकार क्वांटम टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने का प्रयास कर रही है। अमरावती में स्थापित किए जा रहे क्वांटम कंप्यूटिंग सेंटर का संचालन दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में सौर और पवन ऊर्जा के साथ-साथ अत्याधुनिक बिजली आपूर्ति प्रणालियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा, आर्सेलर मित्तल और जिंदल स्टील वर्क्स जैसी बड़ी इस्पात कंपनियां भी आंध्र प्रदेश में अपनी परियोजनाएं स्थापित कर रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 6:07 PM IST

Tags

Next Story