20 जुलाई से शुरू होगा बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र, 21 वर्षों में पहली बार नहीं दिखेंगे नीतीश कुमार
पटना, 5 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार विधानमंडल का आगामी मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 24 जुलाई तक चलेगा। इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना रविवार को जारी कर दी गई। पांच दिनों तक चलने वाला यह सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले 21 वर्षों में पहली बार ऐसा होगा जब विधानसभा की कार्यवाही में नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहेंगे।
अष्टादश बिहार विधानसभा के तृतीय सत्र के औपबंधिक कार्यक्रम के अनुसार, 20 जुलाई को सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ या प्रतिज्ञान ग्रहण कराया जाएगा, यदि आवश्यक हुआ। साथ ही, विधानमंडल के अवकाश काल में राज्यपाल द्वारा जारी अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियां सदन के पटल पर रखी जाएंगी।
इसी दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी भी प्रस्तुत की जाएगी। 21 और 22 जुलाई को राजकीय विधेयकों और अन्य सरकारी कार्यों पर चर्चा होगी। 23 जुलाई को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद, मतदान तथा उससे संबंधित विनियोग विधेयक पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सत्र के अंतिम दिन, 24 जुलाई को, गैर-सरकारी सदस्यों के कार्य, विशेषकर गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी। राजनीतिक गलियारों में इस सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है। विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, बिलौटी में कथित पुलिस मुठभेड़ में भरत तिवारी एनकाउंटर, भ्रष्टाचार तथा हाल के प्रशासनिक विवादों को लेकर विपक्ष के तीखे हमलों की संभावना है।
वहीं, सत्तापक्ष सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रमुखता से रखने की रणनीति पर काम कर रहा है। विशेष रूप से पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार की अनुपस्थिति से सदन की तस्वीर भी बदली नजर आएगी। लंबे समय बाद होने वाली यह अनुपस्थिति से सदन का अलग माहौल दिखेगा। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 6:07 PM IST












