परेशान न हों, हंता वायरस दूसरी कोविड महामारी नहीं डब्ल्यूएचओ
नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को भरोसा दिलाया कि दुनिया को हंता वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। ये दूसरी कोविड महामारी जैसा नहीं है।
डब्ल्यूएचओ के महासचिव डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने सोशल प्लेटफॉर्म पर लोगों को न घबराने की नसीहत दी। उन्होंने एक संदेश जारी कर कहा कि "मुझे पता है कि आप परेशान हैं।"
उन्होंने लिखा, “2020 का दर्द अभी भी कम नहीं हुआ है, और मैं उसे एक पल के लिए भी भूलता नहीं हूं। लेकिन मैं चाहता हूं कि आप मेरी बात पर विश्वास करें कि यह कोई दूसरा कोविड नहीं है। हंता वायरस से अभी पब्लिक हेल्थ का खतरा कम है। मेरे साथियों और मैंने यह बात साफ-साफ कही है, और मैं ये दोहराऊंगा।”
एमवी होंडियस जहाज पर हंता वायरस का एंडीज स्ट्रेन मौजूद है। अब तक हंता वायरस के कुल आठ मामले सामने आए हैं, जिनमें तीन लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। डब्ल्यूएचओ चीफ ने कहा, “यह गंभीर है। तीन लोगों की जान चली गई, हमारी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। फिलहाल, जहाज पर कोई नया मामला सामने नहीं आया है। डब्ल्यूएचओ का एक विशेषज्ञ उस जहाज पर है। हर तरह की मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं।”
स्पेनिश अधिकारियों ने सावधानी से, चरण-दर-चरण योजना तैयार (स्टेप-बाय-स्टेप प्लान) की है: यात्रियों को ग्रानाडिला के इंडस्ट्रियल पोर्ट पर, रिहायशी इलाकों से दूर, सुरक्षित गाड़ियों में, पूरी तरह से घेरे हुए कॉरिडोर से किनारे पर उतारा जाएगा, और सीधे उनके देश वापस भेजा जाएगा।
गेब्रेयेसस ने अपने संदेश में कहा, “मैंने खुद प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज का आभार जताया जो उन्होंने अपने देश में जहाज को लंगर डलवाने का फैसला लिया। मैं इसे एकजुटता और नैतिक कर्तव्य का उदाहरण मानता हूं। मैं चाहता हूं कि आप जान लें कि स्पेन से डब्ल्यूएचओ ने अनुरोध यूं ही नहीं किया। यह फैसला पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियामकों के अनुसार किया गया।”
23 देशों के करीब 150 लोग हफ्तों से समुद्र में हैं, उनमें से कुछ दुखी हैं और सभी डरे हुए हैं। सभी घर जाने के लिए तरस रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, "टेनेरिफ को इसलिए चुना गया है क्योंकि उसके पास मेडिकल कैपेसिटी (जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं), इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) और मानवता है जो लोगों को सुरक्षित रखने में सक्षम है।"
जहाज के कैप्टन, जान डोब्रोगोव्स्की, क्रू और क्रूज कंपनी ने इस मुश्किल समय में सकारात्मकता दिखाई और अच्छा साथ निभाया।
उन्होंने आगे कहा, "वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की ओर से, और दुनिया भर में उन यात्रियों और उनके परिवारों की ओर से, मैं टेनेरिफ के लोगों और इसमें शामिल सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 7:11 PM IST












