एचडीएफसी बैंक में सीईओ की पुनर्नियुक्ति पर फैसला जल्द, एनआरसी करेगी अंतिम निर्णय; बोर्ड का केकी मिस्त्री को समर्थन
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि उसके मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शशिधर जगदीशन की पुनर्नियुक्ति पर फैसला 'उचित समय' पर लिया जाएगा। फिलहाल यह मामला बैंक की नॉमिनेशन और रिम्यूनरेशन कमेटी (एनआरसी) के पास विचाराधीन है।
एनडीटीवी प्रॉफिट के एक सवाल के जवाब में बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा ने कहा कि कमेटी सही समय पर इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेगी। जगदीशन का मौजूदा कार्यकाल अक्टूबर 2026 में समाप्त होने वाला है।
इस बीच, तिमाही नतीजों के बाद हुई कॉन्फ्रेंस कॉल में जगदीशन ने कहा कि वह और भरूचा, दोनों अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री के तीन महीने की तय अवधि से आगे भी इस पद पर बने रहने के पक्ष में हैं, बशर्ते बोर्ड की मंजूरी और नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी हो जाएं।
उन्होंने कहा, "हम सभी चाहते हैं कि मिस्त्री अपना कार्यकाल जारी रखें, लेकिन एनआरसी और बोर्ड द्वारा इस पर विचार करने से पहले कुछ प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।"
गौरतलब है कि केकी मिस्त्री को 18 मार्च को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया था, जो पूर्व चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के एक दिन बाद हुआ था।
जगदीशन ने बताया कि चक्रवर्ती के इस्तीफे की समीक्षा के लिए एक बाहरी एजेंसी को नियुक्त किया गया है और उसकी रिपोर्ट का सारांश जल्द जारी किया जाएगा। चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे में कहा था कि बैंक में कुछ चीजें उनकी व्यक्तिगत सोच और मूल्यों से मेल नहीं खाती थीं, हालांकि उन्होंने किसी गलत काम से जुड़ी बात से इनकार किया था।
दुबई शाखा में एटी-1 बॉन्ड की गलत बिक्री (मिस-सेलिंग) के आरोपों पर जगदीशन ने साफ किया कि बैंक ने ऐसे बॉन्ड रिटेल ग्राहकों को नहीं बेचे और निवेशकों को जोखिम की पूरी जानकारी थी।
इससे पहले बैंक ने अपने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजे भी जारी किए, जिसमें उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 8 प्रतिशत बढ़कर 20,350 करोड़ रुपए हो गया।
शुक्रवार को शेयर बाजार में बैंक का शेयर 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 800 रुपए पर बंद हुआ। बैंक के शेयरों का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,020.50 रुपए और निम्नतम स्तर 726.65 रुपए है। वहीं बैंक का मार्केट कैप 6.13 लाख करोड़ रुपए है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 8:17 PM IST












