हेगसेथ ने पश्चिमी देशों से की आईसीसी छोड़ने की अपील, बताया गैरकानूनी अदालत

हेगसेथ ने पश्चिमी देशों से की आईसीसी छोड़ने की अपील, बताया गैरकानूनी अदालत
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पश्चिमी गोलार्ध के सुरक्षा गठबंधन के सदस्य देशों से अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) से अलग होने का आग्रह किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीसी राष्ट्रीय संप्रभुता के लिए खतरा पैदा कर रहा है और नशीले पदार्थों के तस्करी गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियानों पर अपना अधिकार क्षेत्र स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

वॉशिंगटन, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पश्चिमी गोलार्ध के सुरक्षा गठबंधन के सदस्य देशों से अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) से अलग होने का आग्रह किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीसी राष्ट्रीय संप्रभुता के लिए खतरा पैदा कर रहा है और नशीले पदार्थों के तस्करी गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियानों पर अपना अधिकार क्षेत्र स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

पनामा में आयोजित 'अमेरिका काउंटर कार्टेल गठबंधन' (एसीसीसी) सम्मेलन को संबोधित करते हुए हेगसेथ ने यह भी घोषणा की कि कोलंबिया इस गठबंधन का 19वां सदस्य बनेगा।

हेगसेथ ने कहा, “मैं एसीसीसी के हर सदस्य देश को दृढ़ता से प्रोत्साहित करता हूं कि वह आईसीसी से बाहर निकलें और आपकी सरकारों तथा अदालतों की संप्रभुता छीनने की उसकी कोशिशों को खारिज करें। एक सैनिक के तौर पर मैंने संविधान की रक्षा की शपथ ली थी, किसी नकली और गैर-वैध अंतरराष्ट्रीय अदालत की नहीं।”

उन्होंने कहा कि आतंकवादी संगठनों के रूप में घोषित समूहों के खिलाफ अमेरिका और उसके साझेदार देशों की कार्रवाई पूरी तरह कानूनी है। इस अभियान में हमारी सभी कार्रवाइयां सशस्त्र संघर्ष के कानूनों के तहत 100 प्रतिशत वैध हैं।

हेगसेथ ने बताया कि लगभग एक साल पहले शुरू किए गए 'ऑपरेशन सदर्न स्पीयर' के कारण संदिग्ध ड्रग तस्करी वाली नावों की आवाजाही में बड़ी कमी आई है।

उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी कैरेबियन क्षेत्र में कम से कम 65 प्रतिशत, पूर्वी कैरेबियन में 60 प्रतिशत और गैलापागोस द्वीपों के उत्तर एवं दक्षिण स्थित पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में लगभग 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा, "हम खुले समुद्रों और अपनी समुद्री सीमाओं पर फिर से नियंत्रण स्थापित कर रहे हैं। पश्चिमी गोलार्ध में ड्रग्स से भरी नाव में सवार होने के लिए यह बिल्कुल भी अच्छा समय नहीं है।"

उन्होंने कहा कि इस अभियान का काम अब हाल ही में स्थापित 'जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर' को सौंपा जाएगा, जिसे उन्होंने अमेरिकी सदर्न कमांड का 'एक्शन आर्म' बताया।

हेगसेथ ने इक्वाडोर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह गठबंधन का पहला देश है जिसने संदिग्ध नार्को-आतंकवादियों के खिलाफ अमेरिका के साथ संयुक्त सैन्य अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि होंडुरास और ग्वाटेमाला ने संयुक्त अभियानों में अमेरिकी भागीदारी के लिए वाशिंगटन को आमंत्रित किया है।

हेगसेथ ने जमैका के साथ एक नई सैन्य साझेदारी की घोषणा भी की, जिसका उद्देश्य कैरेबियन क्षेत्र में होने वाली तस्करी को रोकना है। उन्होंने कहा कि कोलंबिया ने भी अपने मादक पदार्थ विरोधी अभियान में अमेरिकी सहयोग मांगा है और संयुक्त सैन्य अभियानों को मंजूरी दी है।

हेगसेथ ने कहा क‍ि इस तरह के ठोस और आक्रामक कदम वही सक्रिय भागीदारी दिखाते हैं जिसकी हम अपने साझेदारों से उम्मीद करते हैं। इससे एसीसीसी एक प्रभावशाली और मजबूत गठबंधन बनेगा। उन्‍होंने सदस्य देशों से अपने सैन्य खर्च में बढ़ोतरी करने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन 1.5 ट्रिलियन डॉलर के अमेरिकी रक्षा बजट की मांग कर रहा है और उन देशों को प्राथमिकता देगा जो अपनी रक्षा क्षमताओं में पर्याप्त निवेश कर रहे हैं।

हेगसेथ ने कहा क‍ि अगर देश अपनी सुरक्षा को गंभीरता से लेते हैं, तो रक्षा विभाग उनकी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर उनके साथ मिलकर मैदान में लड़ने को प्राथमिकता देगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Aug 2026 1:10 PM IST

Tags

Next Story