कोलकाता एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट को हाईजैक की मिली धमकी, टॉयलेट में मिला नोट

कोलकाता एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट को हाईजैक की मिली धमकी, टॉयलेट में मिला नोट
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिली, जिससे तनाव पैदा हो गया। इसके बाद विमान की सघन तलाशी ली गई।

कोलकाता, 11 नवंबर (आईएएनएस)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिली, जिससे तनाव पैदा हो गया। इसके बाद विमान की सघन तलाशी ली गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब फ्लाइट टेक-ऑफ की तैयारी कर रही थी, तब पायलट को धमकी मिली और उसने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी। फ्लाइट को तुरंत आइसोलेशन बे (अलग जगह) में ले जाया गया और सुरक्षा कर्मियों ने विमान के अंदर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, अभी तक कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है। इस मामले पर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की इस फ्लाइट में 92 यात्री सवार थे और यह टेक-ऑफ का इंतजार कर रही थी, तभी पायलट को धमकी के बारे में पता चला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फ्लाइट के टॉयलेट में एक नोट मिला था, जिसमें विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी।

एटीसी के निर्देशों का पालन करते हुए पायलट ने विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचा दिया। विमान में सवार यात्रियों को भी बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस घटना से यात्री काफी डरे हुए थे और उनके चेहरों पर साफ घबराहट देखी जा सकती थी।

पिछले महीने के आखिर में कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार दो बार बम की झूठी धमकियां मिलीं। 23 अक्टूबर को कोलकाता एयरपोर्ट पर टिश्यू पेपर पर लिखी हुई बम की एक धमकी मिली। इसके बाद, 24 अक्टूबर को थाईलैंड के फुकेत से कोलकाता आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के वॉशरूम के शीशे पर बम की धमकी लिखी मिली, जिसके चलते विमान की सघन सुरक्षा जांच की गई। हालांकि, दोनों ही मामलों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और ये धमकियां झूठी साबित हुईं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story