'भारत कई विकसित देशों से आगे', डिजिटलीकरण और एआई में शानदार प्रगति पर स्लोवाकिया के पीएम ने की तारीफ
ब्रातिस्लावा, 15 जून (आईएएनएस)। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिचो ने सोमवार को भारत की आर्थिक प्रगति, डिजिटलीकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि भारत आज कई विकसित देशों से भी आगे निकल चुका है।
ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए फिको ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया कई साझा मुद्दों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की उपलब्धियां बेहद प्रेरणादायक हैं और दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के प्रधानमंत्री का स्लोवाकिया में स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा, "भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की महत्वाकांक्षा रखता है। मैं प्रधानमंत्री मोदी को हर क्षेत्र में मिली सफलता के लिए बधाई देता हूं।"
फिचो ने विशेष रूप से भारत के डिजिटलीकरण और एआई क्षेत्र में हुए विकास की प्रशंसा करते हुए कहा, "आप इस क्षेत्र में इतनी तेजी से आगे बढ़े हैं कि पश्चिमी यूरोप के फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों से भी आगे निकल चुके हैं। भारत दुनिया के कई विकसित देशों से आगे है।"
उन्होंने भारत की 6-7 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर को भी उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि यदि यूरोपीय संघ ऐसी विकास दर हासिल कर सके तो यह बड़ी उपलब्धि होगी, लेकिन फिलहाल यूरोपीय देशों को प्रतिस्पर्धात्मकता और जलवायु लक्ष्यों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
स्लोवाकियाई प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया और भारत को स्थायी सदस्य बनाए जाने का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान ही वैश्विक संघर्षों और युद्धों का समाधान निकालने का सबसे प्रभावी तरीका है।
फिचो ने कहा कि स्लोवाकिया बहुपक्षवाद का समर्थक है और संयुक्त राष्ट्र में सुधार का पक्षधर है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत जैसे देशों को सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर भी बधाई दी और इसे "राजनीतिक चमत्कार" बताया। उन्होंने कहा कि इतने विविध राजनीतिक दलों वाले देश में लगातार जनता का विश्वास जीतना असाधारण उपलब्धि है।
फिचो ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का भी स्वागत किया और कहा कि स्लोवाकिया इस महत्वाकांक्षी समझौते को जल्द से जल्द लागू कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौतों में से एक साबित हो सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Jun 2026 4:30 PM IST











