ब्रिक्स एनएसए बैठक अजित डोभाल ने ईरान के साथ पश्चिम एशिया और द्विपक्षीय संबंधों पर की बातचीत
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने सोमवार को नई दिल्ली में हुई 16वीं ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बैठक के दौरान ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) के रक्षा मामलों के उप सचिव गदीर नेजामी से मुलाकात की।
दोनों के बीच पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, ब्रिक्स मंच के तहत सहयोग और भारत-ईरान के आपसी संबंधों को लेकर बातचीत हुई।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा, “एनएसए अजित डोभाल ने सोमवार को 16वीं ब्रिक्स एनएसए बैठक के दौरान ईरान के एसएनएससी के रक्षा मामलों के उप सचिव गदीर नेजामी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा ब्रिक्स के तहत सहयोग और भारत-ईरान के द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा हुई।”
भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में दो दिवसीय ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में सदस्य देशों के प्रमुख सुरक्षा अधिकारी शामिल हो रहे हैं, जो दुनिया में बदलती सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा कर रहे हैं और रणनीतिक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं।
एनएसए अजित डोभाल ने इथियोपिया की नेशनल इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी सर्विस के एनालिसिस विभाग के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मिलियन लेमा टैडेसे से भी मुलाकात की। इस दौरान भारत और इथियोपिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए सहयोग के क्षेत्रों पर बातचीत हुई।
एमईए ने बताया कि इस बैठक में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख 'आज दुनिया के सामने मौजूद गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों' के विषय पर अपने विचार साझा करेंगे।
अधिकारी तेजी से बदलती राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों और नई तकनीकों के कारण पैदा हो रहे सुरक्षा खतरों में उनकी भूमिका पर भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा हाल ही में हुई ब्रिक्स की आतंकवाद विरोधी संयुक्त कार्य समूह और सूचना एवं संचार तकनीक (आईसीटी) के सुरक्षित इस्तेमाल से जुड़े संयुक्त कार्य समूह की बैठकों के नतीजों की भी समीक्षा की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Jun 2026 8:26 PM IST












