भारत-सऊदी अरब के बीच बढ़ा कूटनीतिक संवाद, रक्षा और ऊर्जा सहयोग को विस्तार देने के मुद्दे पर हुई चर्चा
रियाद, 25 जून (आईएएनएस)। जेद्दा में भारत के महावाणिज्यदूत फहद अहमद खान सूरी और सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की मदीना शाखा के महानिदेशक इब्राहिम बिन सईद अल-सुभी के बीच एक बैठक हुई। इस बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने, प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों तथा आपसी हितों के विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, “जेद्दा में भारत के महावाणिज्यदूत फहद अहमद खान सूरी ने 24 जून को विदेश मंत्रालय की मदीना शाखा के महानिदेशक इब्राहिम बिन सईद अल-सुभी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने, प्रवासी भारतीय समुदाय से जुड़े मुद्दों तथा आपसी हित के विभिन्न विषयों पर चर्चा की।”
इसी दिन सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल अजाज खान ने सऊदी रक्षा मंत्रालय के जनरल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर इयाद अब्दुलमलिक अल-अलशेख से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा साझेदारी के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, “राजदूत डॉ. सुहेल अजाज खान ने इयाद अब्दुलमलिक अल-अलशेख से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को सुदृढ़ बनाने तथा नए सहयोगी क्षेत्रों की तलाश पर चर्चा की। यह वार्ता भारत और सऊदी अरब की रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने, सहयोग के नए अवसरों की पहचान करने और भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
इससे पहले अप्रैल में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने सऊदी नेतृत्व के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई उच्चस्तरीय बैठकों में भाग लिया था।
इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना, ऊर्जा सहयोग को बढ़ावा देना और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा करना था। यह यात्रा बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच भारत और सऊदी अरब के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को भी रेखांकित करती है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं और अन्य आपसी हितों के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई थी।
यात्रा के दौरान अजीत डोभाल ने सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान, विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुसाएद अल-ऐबान से मुलाकात की थी। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय स्थिति और अन्य साझा हितों के विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jun 2026 7:11 PM IST












