- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उड़ान का नया अध्याय - 29 हजार करोड़...
बड़ा विस्तार: उड़ान का नया अध्याय - 29 हजार करोड़ खर्च कर 100 नए एयरपोर्ट बनाएगी केंद्र सरकार

Nagpur News. देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा विस्तार कार्यक्रम तैयार किया है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने गुरुवार को नागपुर एयरपोर्ट के जीएमआर को हस्तांतरण समारोह में कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उड़ान योजना को अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ाया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार करीब 29 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी। योजना के तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने और 200 हेलीकॉप्टरों को संचालन में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
12 वर्षों में दोगुने से ज्यादा हुए एयरपोर्ट
नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है। वर्ष 2014 में देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर 165 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते एविएशन बाजारों में शामिल है। हवाई यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसी मांग को देखते हुए एयरपोर्ट नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
छोटे शहरों को मिला हवाई नक्शे पर स्थान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उड़ान योजना ने छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को देश के हवाई नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिन शहरों में कभी हवाई सेवाएं नहीं थीं, वहां आज नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। इससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा सुलभ और किफायती बनी है। साथ ही व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिला है।
नागपुर बन सकता है बड़ा एविएशन हब
नायडू ने कहा कि नागपुर देश के मध्य में स्थित होने के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं और औद्योगिक विकास के कारण यह शहर भविष्य में बड़े एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभर सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए एयरपोर्ट, बेहतर सुविधाओं और बढ़ती कनेक्टिविटी के साथ भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र आने वाले वर्षों में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाएगा।
Created On :   25 Jun 2026 6:56 PM IST










