मचा हड़कंप: वाठोड़ा डिपो में खड़ी मनपा की बस में हादसा, बैटरी जलने से हुआ लाखों का नुकसान

वाठोड़ा डिपो में खड़ी मनपा की बस में हादसा, बैटरी जलने से हुआ लाखों का नुकसान
  • मनपा के परिवहन विभाग के बस डिपो में खड़ी थी बस
  • बस में आग लग गई
  • आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ

Nagpur News. गुरुवार तड़के वाठोड़ा स्थित मनपा के परिवहन विभाग के बस डिपो में एक बस में आग लग गई। आपली बस सेवा में पीएमआई की इलेक्ट्रिक बस की बैटरी में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, वाठोड़ा अग्निशमन दल की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। इस इलाके में पीएमआई कंपनी की करीब 144 ई-बसें पार्क की जाती हैं।

मनपा अधिकारियों के मुताबिक, बस में आग लगने की कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है। केवल बैटरी से धुआं उठने के चलते एहतियात के तौर पर बस की सेवा बंद रखी गई है।

मनपा के परिवहन विभाग के वाठोड़ा स्थित चार्जिंग स्टेशन और डिपो में गुरुवार तड़के करीब 2:55 बजे बस क्रमांक एमएच-49-बीजेड-3392 में अचानक धुआं उठने से परिसर में हड़कंप मच गया। इस बस को रात करीब 12 बजे से 1 बजे तक चार्ज किया गया था। चार्जिंग के एक घंटे बाद अचानक बस के बैटरी पैक में शॉर्ट सर्किट से धुआं उठने की जानकारी दी जा रही है।

देखभाल करने वाले कर्मचारियों ने मनपा के वाठोड़ा अग्निशमन दल को सूचना दी। इसके साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर की सहायता से भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। डिपो के कर्मचारी अमित कछवा ने अग्निशमन कर्मचारियों को बैटरी में नुकसान से करीब 40 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी है।

परिवहन विभाग को 9 घंटे तक जानकारी नहीं

सुबह करीब 3 बजे आग लगने के बाद मनपा के वाठोड़ा अग्निशमन दल के कर्मचारी पहुंचे और आग बुझाई। इस दौरान डिपो के सहायक मैनेजर अमित कछवा ने अग्निशमन दल को बैटरी समेत सिस्टम जलने से बस को करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया, लेकिन आग लगने के बारे में दोपहर 12 बजे तक परिवहन विभाग के अधिकारियों को जानकारी तक नहीं थी। इतना ही नहीं, श्रम अधिकारी अरुण पिपुर्डे ने बताया कि बस को कोई नुकसान नहीं हुआ है, केवल बैटरी से धुआं निकला है। सवाल यह है कि सीधे तौर पर जनता के परिवहन से जुड़ी बस सेवा के अधिकारियों को घटना की जानकारी तक नहीं है।

Created On :   25 Jun 2026 6:21 PM IST

Tags

Next Story