जागरुकता कार्यक्रम: व्यसनाधीन लोगों का सबसे बड़ा दुश्मन तंबाकू, मुख कैंसर और फेफड़ों के रोग संबंधी दी जानकारी

व्यसनाधीन लोगों का सबसे बड़ा दुश्मन तंबाकू, मुख कैंसर और फेफड़ों के रोग संबंधी दी जानकारी
  • समाज को व्यसनमुक्त करना सबकी सामाजिक जिम्मेदारी
  • व्यसनाधीन लोगों का तंबाकू सबसे बड़ा दुश्मन

Nagpur News. समाज को व्यसनमुक्त करना सबकी सामाजिक जिम्मेदारी है। व्यसनाधीन लोगों का तंबाकू सबसे बड़ा दुश्मन है। इससे कैंसर समेत अनेक प्रकार की बीमारियां होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति ने तंबाकू विरोधी अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। एक-दूसरे को तंबाकूमुक्ति के लिए प्रेरित करेंगे तो समाज में सकारात्मक बदलाव की श्रृंखला तैयार हो सकती है। इससे तंबाकूमुक्त समाज का निर्माण होगा। ऐसा शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (जीडीसीएच) के अधिष्ठाता डॉ. मंगेश फडनाईक ने कहा।

मुख कैंसर, फेफड़ों के रोग संबंधी दी जानकारी

जीडीसीएच में व्यसनों के दुष्परिणाम पर आधारित जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम तंबाकू से होनेवाली विविध बीमारियों पर केंद्रित था। कार्यक्रम के दौरान तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले मुख कैंसर, फेफड़ों के रोग और हृदय संबंधी बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर शैक्षणिक पोस्टरों का प्रदर्शन किया गया। इंटर्न विद्यार्थियों ने मरीजों को इन पोस्टरों की जानकारी देकर तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में आने वाले मरीजों का समुपदेशन कर उन्हें तंबाकूमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कोटपा कानून पर विशेष व्याख्यान

अस्पताल की टीम द्वारा नागपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरुकता शिविर आयोजित किये गए। वहीं कोटपा कानून के संबंध में शिक्षकों के लिए विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुखरोग निदान एवं रेडियोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. अशिता कलसकर, मुखरोग विकृतिशास्त्र एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. अक्षय ढोबले, सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. धीरज कालरा तथा डॉ. सचिन खत्री के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक व मरीजों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

Created On :   25 Jun 2026 6:36 PM IST

Tags

Next Story