- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मौसम की करवट, बूंदा बांदी और हवा...
उपराजधानी पहुंचा मानसून!: मौसम की करवट, बूंदा बांदी और हवा चलते के बाद निकली तेज धूप - फिर उमस, सामान्य समय से 8-9 दिन की देरी से दस्तक

Nagpur News. शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर। बहुप्रतीक्षित मानसून ने आखिरकार नागपुर में दस्तक दे दी है। इस वर्ष मानसून सामान्य समय से लगभग 8-9 दिन देरी से पहुंचा है। पिछले वर्ष 17 जून को मानसून आया था। आमतौर पर यह 10 से 15 जून के बीच शहर में प्रवेश करता है। मंगलवार को विदर्भ के आधे हिस्से में सक्रिय होने के बाद बुधवार को पूरे विदर्भ में इसका प्रभाव देखने को मिला। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में शहर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। साथ ही तेज गरज-चमक और आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है।
कई इलाकों में धूप-छांव
बुधवार को दिनभर मौसम में बदलाव का दौर जारी रहा। कई इलाकों में धूप-छांव का खेल देखने को मिला, वहीं उमस ने लोगों को परेशान किया। शाम के समय मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हुई। इस दौरान करीब 3 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मानसून के आगमन से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
इस वर्ष अलनीनो का असर...
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष अलनीनो का प्रभाव देखने को मिलेगा, जिसके कारण मानसून की बारिश सामान्य से कम रहने की आशंका जताई जा रही है। इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ सकता है।
किसानों के लिए चेतावनी
मानसून के आगमन के साथ सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं अधिक खतरनाक होती हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक के दौरान खेतों में काम न करें, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
Created On :   25 Jun 2026 7:08 PM IST










