- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उपराजधानी के नए पुलिस आयुक्त होंगे...
तबादलों के आदेश: उपराजधानी के नए पुलिस आयुक्त होंगे विश्वास नांगरे पाटील, डॉ. रवींद्रकुमार सिंगल का तबादला

Nagpur News. महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने मंगलवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी करते हुए नागपुर पुलिस आयुक्त पद पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। नागपुर के वर्तमान पुलिस आयुक्त डा. रवींद्रकुमार सिंगल का तबादला कर दिया गया है, जबकि उनकी जगह विश्वास नांगरे पाटील को नागपुर शहर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। शासन के आदेश के अनुसार, वर्तमान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत नांगरे-पाटिल अब नागपुर पुलिस आयुक्त का पदभार संभालेंगे। डॉ. सिंगल को एसीबी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर नांगरे पाटील की जगह पर नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़े -झारखंड प्रीमियर लीग छोटा नागपुर रॉयल्स बनी चैंपियन, फाइनल मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराया
सक्रिय पुलिसिंग की उम्मीद : नांगरे-पाटिल अपनी सख्त कार्यशैली, प्रभावी प्रशासन और आम जनता से सीधे संवाद के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से नागपुर पुलिस प्रशासन में नई कार्यसंस्कृति और अधिक सक्रिय पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरी ओर, डॉ. सिंगल ने नागपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब वे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इस तबादले के बाद नागपुर के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसे शहर के पुलिस नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
1997 में ली थी ट्रेनिंग : विश्वास नारायण नांगरे पाटिल आईपीएस, पीपीएमजी, भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं । वे महाराष्ट्र के भ्रष्टाचार-विरोधी ब्यूरो में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे मुंबई में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) रहे। उन्होंने 1997 में अपना प्रशिक्षण पूरा किया। अपने कॅरियर में उन्होंने लातूर, अहमदनगर और पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक, मुंबई पुलिस में उपायुक्त, ठाणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, मुंबई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, कोल्हापुर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, नाशिक पुलिस आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
Created On :   24 Jun 2026 6:02 PM IST













