कतर के पूर्व अमीर शेख हमद के निधन पर भारत ने जताया शोक, राजदूत विपुल ने दी श्रद्धांजलि
दोहा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। कतर में भारत के राजदूत विपुल ने कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर आयोजित सामुदायिक शोक सभा में हिस्सा लिया। भारतीय दूतावास, दोहा ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "भारतीय दूतावास के मार्गदर्शन में काम करने वाले सामुदायिक संगठनों ने 15 जुलाई को शोक सभा का आयोजन किया। राजदूत विपुल, सामुदायिक नेताओं और सदस्यों ने पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रवासी समुदाय के प्रति उनके नेतृत्व और सहयोग को याद किया, जिसे हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।"
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कतर के पूर्व अमीर के निधन पर भारत की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए कतर आए। शेख हमद का 12 जुलाई को 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
रिजिजू ने 'एक्स' पर लिखा, "भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों की ओर से मैंने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।"
उन्होंने कहा कि वे दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत-कतर की पुरानी दोस्ती को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। यह रिश्ता आगे चलकर रणनीतिक साझेदारी में बदल गया। उनकी विरासत हमें दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।
उनके निधन के बाद भारत ने एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी। सोमवार को कतर के पूर्व अमीर के सम्मान में भारत में राष्ट्रीय शोक मनाया गया। इस दौरान राष्ट्रपति भवन और दिल्ली की अन्य प्रमुख इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 11:27 PM IST












