उत्तराखंड उत्तरकाशी में 3.5 तीव्रता का भूकंप, भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस हुए झटके

उत्तराखंड उत्तरकाशी में 3.5 तीव्रता का भूकंप, भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस हुए झटके
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में गुरुवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात 8:02 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 दर्ज की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र भटवाड़ी तहसील के पिलंग जंगल क्षेत्र के आसपास था।

उत्तरकाशी, 16 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में गुरुवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात 8:02 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 दर्ज की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र भटवाड़ी तहसील के पिलंग जंगल क्षेत्र के आसपास था।

भूकंप के झटके हल्के होने के कारण लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया, लेकिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से सूचना मिलने के तुरंत बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और सभी तहसीलों, पुलिस थाना क्षेत्रों तथा संबंधित विभागों से स्थिति की जानकारी जुटाई गई।

प्रशासन द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भूकंप के झटके मुख्य रूप से भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में महसूस किए गए। जनपद की अन्य तहसीलों से न तो झटके महसूस होने और न ही किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त हुई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में कहीं भी जान-माल के नुकसान, भवनों में दरार, सड़क, पुल या अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को क्षति होने की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर सभी उपजिलाधिकारियों, तहसील प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरकाशी हिमालयी भूकंपीय क्षेत्र में स्थित होने के कारण संवेदनशील जिलों में शामिल है। ऐसे क्षेत्रों में समय-समय पर कम तीव्रता के भूकंप आना सामान्य भूगर्भीय प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है। प्रशासन हर भूकंपीय गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सत्यापन और निगरानी की कार्रवाई करता है।

भूकंप के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की क्षति, असामान्य गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया गया है। फिलहाल पूरे जनपद में स्थिति सामान्य बनी हुई है और कहीं से किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 11:47 PM IST

Tags

Next Story