कलमा होमवर्क विवाद से लेकर आर्टिकल 370 तक, आरपी सिंह बोले- कांग्रेस अपना रुख स्पष्ट करे
नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने हैदराबाद के एक स्कूल में कथित 'कलमा' होमवर्क विवाद, उत्तर प्रदेश में ईडी की कार्रवाई, महिला आरक्षण, उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की प्रस्तावित रथ यात्रा समेत कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार की नीतियों का बचाव किया।
हैदराबाद के एक स्कूल में कथित तौर पर गैर-मुस्लिम छात्र को 'कलमा' पढ़ाने से जुड़े विवाद पर आरपी सिंह ने कहा कि छोटे बच्चों को धार्मिक शिक्षा के नाम पर प्रभावित करने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। पहले 'लव जिहाद', फिर 'प्रॉपर्टी जिहाद' और 'जमीन जिहाद' जैसे मामलों की चर्चा होती रही और अब शिक्षा के माध्यम से बच्चों का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही है। यदि ऐसा हुआ है तो संबंधित राज्य सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और मामले में शामिल शिक्षक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश में आतंकी फंडिंग और बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठ से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर आरपी सिंह ने कहा कि यह एक बड़ा खुलासा है। राज्य में देशविरोधी गतिविधियों और विदेशी नागरिकों को कथित तौर पर की जा रही फंडिंग का पर्दाफाश हुआ है। ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को सामाजिक एकता बनाए रखते हुए लागू करने की बात पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यूसीसी से समाज में किसी प्रकार की कटुता नहीं आएगी। उन्होंने दावा किया कि यह कानून सामाजिक समरसता को मजबूत करेगा और विशेष रूप से मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों और हितों की रक्षा करेगा।
उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर कहा कि भाजपा चाहती है कि परिसीमन (डिलिमिटेशन) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़े, ताकि महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला आरक्षण को लेकर विरोधाभासी रुख अपना रही है और भाजपा के प्रयासों का समर्थन करने के बजाय राजनीति कर रही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित रथ यात्रा पर आरपी सिंह ने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों के साथ खड़े दिखाई देते थे, वे अब राम मंदिर से रथ यात्रा निकालने की बात कर रहे हैं। यदि अखिलेश यादव राम मंदिर से यात्रा शुरू करते हैं तो पहले उन्हें अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने चाहिए।
पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी विवाद पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री पद के कई दावेदारों के बीच तालमेल बैठाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं और शीर्ष नेतृत्व उनके बीच समन्वय स्थापित नहीं कर पा रहा है। यही वजह है कि पंजाब कांग्रेस लगातार आंतरिक कलह से जूझ रही है।
कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज द्वारा जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 और आंतरिक स्वायत्तता को लेकर दिए गए बयान पर आरपी सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी नीति के अनुरूप है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 2019 के चुनावी घोषणा पत्र में भी आर्टिकल 370 की बहाली की बात की गई थी और नवंबर 2024 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पारित प्रस्ताव के दौरान भी कांग्रेस के सभी विधायकों ने उसका समर्थन किया था। कांग्रेस नेतृत्व, विशेष रूप से राहुल गांधी, को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पार्टी आज भी जम्मू-कश्मीर में विशेष दर्जे या अधिक स्वायत्तता की पक्षधर है। सोज के बयान को अत्यंत आपत्तिजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख देश के सामने रखना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 July 2026 12:07 AM IST












