अमेरिका मांगें माने तो दो दिन में होर्मुज स्‍ट्रेट फिर खोला जा सकता है बाघेई

अमेरिका मांगें माने तो दो दिन में होर्मुज स्‍ट्रेट फिर खोला जा सकता है  बाघेई
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को कहा कि यदि अमेरिका ईरान की 'वैध' मांगों को स्वीकार कर लेता है, तो होर्मुज स्‍ट्रेट को दो दिनों के भीतर फिर से खोला जा सकता है।

तेहरान, 2 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को कहा कि यदि अमेरिका ईरान की 'वैध' मांगों को स्वीकार कर लेता है, तो होर्मुज स्‍ट्रेट को दो दिनों के भीतर फिर से खोला जा सकता है।

तेहरान में आयोजित साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाघेई ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थों के जरिए होने वाली किसी भी अप्रत्यक्ष बातचीत का आधार वही सात-दिवसीय योजना है, जिसे ईरान ने सितंबर में प्रस्तावित किया था।

उन्होंने कहा कि ईरान ने अपनी सकारात्मक मंशा दिखाते हुए इस योजना के क्रियान्वयन की अवधि अब सात दिन से घटाकर दो दिन कर दी है।

बाघेई ने कहा, "हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यदि ईरान की मांगें पूरी की जाती हैं, तो होर्मुज स्‍ट्रेट में सुरक्षा बहाल करना और कम समय में बातचीत की प्रक्रिया शुरू करना संभव होगा।"

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा, यह पूरी तरह अमेरिका के फैसले पर निर्भर करता है।

ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि ईरान ने मांगों को 'स्पष्ट, उचित और तार्किक' तरीके से रखा है।

उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी नौसैनिक नाकाबंदी खत्म नहीं करता और तेहरान की 'वैध' मांगों को नहीं मानता, तब तक कोई समझौता नहीं होगा और न ही होर्मुज स्‍ट्रेट को दोबारा खोला या सुरक्षित बनाया जाएगा।

ईरान ने सितंबर में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान मध्यस्थों के जरिए अमेरिका को अपनी सात-दिवसीय योजना और शर्तें सौंप दी थीं। इसके बाद दोनों देशों के बीच इस प्रस्ताव को लेकर संदेशों का आदान-प्रदान जारी रहने की खबरें सामने आती रही हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर संयुक्त हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल तथा क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और संपत्तियों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की कई लहरें चलाईं और होर्मुज स्‍ट्रेट पर अपनी पकड़ मजबूत कर दी।

होर्मुज स्‍ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक माना जाता है, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख तेल उत्पादक देशों से कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story