'मैंने न किसी के लिए सरहद पार की, न 40 साल इंतजार किया', अपनी लव स्टोरी को नाम नहीं दे पाए जय रंधावा

मैंने न किसी के लिए सरहद पार की, न 40 साल इंतजार किया, अपनी लव स्टोरी को नाम नहीं दे पाए जय रंधावा
पंजाबी फिल्मों के अभिनेता जय रंधावा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'इश्कनामा' को लेकर चर्चा में हैं। सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में वह एक ऐसे प्रेमी की कहानी का हिस्सा बने हैं, जिसने अपने प्यार के लिए लंबा इंतजार किया।

मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाबी फिल्मों के अभिनेता जय रंधावा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'इश्कनामा' को लेकर चर्चा में हैं। सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में वह एक ऐसे प्रेमी की कहानी का हिस्सा बने हैं, जिसने अपने प्यार के लिए लंबा इंतजार किया।

फिल्म की रिलीज से पहले जय ने निजी जिंदगी और प्यार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनकी खुद की जिंदगी में ऐसा कोई किस्सा नहीं रहा, जिसे 'इश्कनामा' जैसा टाइटल दिया जा सके।

आईएएनएस से बातचीत में जय रंधावा ने कहा, ''यह फिल्म निर्मल निम्मा की जिंदगी की घटना पर आधारित है। मेरी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं हुआ। मैंने किसी के लिए सरहद पार नहीं की और न ही 40 साल तक किसी का इंतजार किया। मैं अभी खुद 40 साल का भी नहीं हुआ हूं, जबकि निम्मा आज 72 साल के हैं और उन्होंने अपने प्यार के लिए करीब 40 साल इंतजार किया। इसलिए 'इश्कनामा' नाम उनकी कहानी पर पूरी तरह फिट बैठता है।''

जय रंधावा ने कहा, "मैं अपनी प्रेम कहानी को ऐसा कोई नाम नहीं दे सकता। हर प्रेम कहानी अलग होती है और 'इश्कनामा' जैसा नाम सिर्फ उसी कहानी के लिए सही है, जिसमें इतना बड़ा त्याग, इंतजार और समर्पण हो। मेरी जिंदगी में ऐसा कोई अनुभव नहीं रहा, इसलिए मैं अपनी कहानी को इस तरह का नाम देने की कल्पना भी नहीं कर सकता।"

फिल्म 'इश्कनामा' की कहानी असली प्रेमी जोड़े निम्मा और नसीमा के जीवन पर आधारित है। इसकी कहानी साल 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा के आसपास की पृष्ठभूमि पर बेस्ड है।

जय रंधावा ने फिल्म को लेकर कहा, ''अगर कलाकार ईमानदारी से काम करे तो जिम्मेदारी का बोझ अपने आप हल्का हो जाता है। पूरी टीम ने इस फिल्म को पूरी सच्चाई और मेहनत के साथ बनाया है। मुझे भरोसा है कि दर्शकों तक कहानी की असली भावना जरूर पहुंचेगी।''

फिल्म के निर्देशक अरविंदर एस. खैरा ने कहा, '''इश्कनामा' किसी लेखक की कल्पना नहीं, बल्कि हकीकत में जी गई प्रेम कहानी है। एक फिल्ममेकर को बहुत कम ऐसी कहानियां मिलती हैं, जो कल्पना से भी ज्यादा असर छोड़ती हों। इस कहानी को बड़े पर्दे पर उतारना सम्मान की बात रही।''

'इश्कनामा' का निर्देशन अरविंदर एस. खैरा ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण सौरभ राणा और रवनीत कौर चहल ने किया है। यह फिल्म 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' किताब से प्रेरित है। फिल्म में जय रंधावा के साथ शहनाज गिल, सौरभ सचदेवा और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत बी प्राक ने तैयार किया है और गीत जानी ने लिखे हैं।

यह फिल्म 24 जुलाई को भारत, कनाडा और ब्रिटेन समेत दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 5:21 PM IST

Tags

Next Story