जानसेन, मिन्हास और होप आईसीसी 'मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए नामित

जानसेन, मिन्हास और होप आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नामित
साउथ अफ्रीका के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर मार्को जानसेन, पाकिस्तान के युवा ऑलराउंडर अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को अक्टूबर 2026 के लिए 'आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

दुबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर मार्को जानसेन, पाकिस्तान के युवा ऑलराउंडर अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को अक्टूबर 2026 के लिए 'आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साउथ अफ्रीका की 2-1 से टेस्ट सीरीज जीत में जानसेन की अहम भूमिका रही, जिन्होंने इस सीरीज में कुल 198 रन बनाए और 13 विकेट हासिल किए। उनका सबसे बड़ा योगदान गकेबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में रहा। जानसेन ने 85 रन बनाए और गेंदबाजी में 33/5 और 34/1 के आंकड़े दर्ज किए, जिससे साउथ अफ्रीका ने एक पारी और 31 रनों से जीत हासिल कर सीरीज बराबर कर ली।

इसके बाद, केप टाउन में खेले गए निर्णायक मुकाबले में उन्होंने एक और अर्धशतक लगाया और तीन विकेट लिए। जानसेन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वे आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स, दोनों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए।

जानसेन साल 2024 में कगिसो रबाडा के बाद टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही, अगस्त 2014 में वर्नोन फिलेंडर के बाद, वे अपने देश के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं जो ऑलराउंडर्स की सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंचे हैं।

दूसरी तरफ, 21 वर्षीय अराफात मिन्हास को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। पाकिस्तान ने अपनी घरेलू वनडे ट्राई-सीरीज (जिसमें श्रीलंका और इंग्लैंड भी शामिल थे) जीती, जिसमें अराफात का प्रदर्शन शानदार रहा। बाएं हाथ के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर अराफात ने पांच मुकाबलों में 29.80 की औसत और 119.20 के स्ट्राइक रेट से 149 रन बनाए। उन्होंने 23.22 की औसत से नौ विकेट भी लिए और प्रति ओवर सिर्फ 5.13 रन दिए।

मिन्हास इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में 59 रन बनाए और 40 रन देकर 6 विकेट निकाले। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। यह पाकिस्तान के किसी गेंदबाज द्वारा घरेलू मैदान पर वनडे में दर्ज किया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। लाहौर में श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में, उन्होंने 31 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान को 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करने और ट्राई-सीरीज जीतने में मदद मिली।

वहीं, होप ने भारत के खिलाफ दोनों व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में तीन नाबाद शतक लगाए। इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने न्यू चंडीगढ़ में तीसरे वनडे में नाबाद 162 रन बनाकर 352 रनों के लक्ष्य का पीछा किया, जो उनके 50 ओवर के क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन-चेज था।

होप ने अपनी यही फॉर्म पांच मुकाबलों की टी20 मुकाबलों सीरीज में भी जारी रखी, जो 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। उन्होंने रांची में दूसरे मैच और हैदराबाद में चौथे मैच में नाबाद 102 रन बनाए (हैदराबाद वाला शतक सिर्फ 50 गेंदों पर आया था)। उन्होंने 190.51 के स्ट्राइक रेट से कुल 261 रन बनाकर सीरीज का समापन किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story