कैबिनेट फेरबदल या पावर-शेयरिंग पर समय करेगा फैसला डीके शिवकुमार

कैबिनेट फेरबदल या पावर-शेयरिंग पर समय करेगा फैसला डीके शिवकुमार
कर्नाटक कांग्रेस में जारी नेतृत्व खींचतान के बीच उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने गुरुवार को कहा कि राज्य में कैबिनेट फेरबदल होगा या पावर-शेयरिंग का फॉर्मूला लागू होगा, इस पर फैसला समय ही करेगा।

बेंगलुरु, 19 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक कांग्रेस में जारी नेतृत्व खींचतान के बीच उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने गुरुवार को कहा कि राज्य में कैबिनेट फेरबदल होगा या पावर-शेयरिंग का फॉर्मूला लागू होगा, इस पर फैसला समय ही करेगा।

गौरतलब है कि शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जाते हैं और पहले भी उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ पावर-शेयरिंग समझौते की बात कही थी, जो पार्टी हाईकमान की मौजूदगी में हुई थी।

अपने बेंगलुरु स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में शिवकुमार ने इस मुद्दे पर सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, “समय तय करेगा।” प्रियंका गांधी से अलग बैठक की खबरों पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह किससे क्या चर्चा करते हैं, यह सार्वजनिक नहीं करेंगे।

जब उनसे एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के इस बयान के बारे में पूछा गया कि मुख्यमंत्री का पद खाली नहीं है, तो शिवकुमार ने कहा, “उन्होंने यह भी कहा है कि पार्टी और विधायक ही फैसला करेंगे।”

दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों में बूथ स्तर तक रिपोर्ट जुटाई गई है और पार्टी नेताओं की राय ली गई है। उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में एआईसीसी के पदाधिकारी भी पहुंचेंगे और अंतिम फैसला हाईकमान द्वारा लिया जाएगा।

टिकट वितरण को लेकर परिवारवाद के सवाल पर शिवकुमार ने कहा कि यहां परिवार नहीं, बल्कि पार्टी की जीत अहम है। उन्होंने कहा कि दोनों सीटें प्रभावशाली नेताओं से जुड़ी हैं और सभी पक्षों से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री दिवंगत अनंत कुमार की बेटी ऐश्वर्या कुमार के ‘कर्नाटक को असम चुनाव के लिए कैश काउ बनाया जा रहा है’ वाले आरोप पर शिवकुमार ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता वह कौन हैं।

कैबिनेट फेरबदल की मांग और नए चेहरों को मौका देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंत्री बनने की इच्छा रखना गलत नहीं है। मुख्यमंत्री पहले ही फेरबदल की बात कह चुके हैं, इसलिए नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 8:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story