दो नेताओं के खिलाफ कार्रवाई पर बोले डीके शिवकुमार, दिल्ली के निर्देश पर ही उठाए गए कदम, निजी कुछ नहीं

दो नेताओं के खिलाफ कार्रवाई पर बोले डीके शिवकुमार, दिल्ली के निर्देश पर ही उठाए गए कदम, निजी कुछ नहीं
कर्नाटक के डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के दो अल्पसंख्यक नेताओं के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए की गई कार्रवाई में कुछ भी निजी नहीं था, क्योंकि दिल्ली से निर्देश मिले बिना कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।

बेंगलुरु, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के दो अल्पसंख्यक नेताओं के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए की गई कार्रवाई में कुछ भी निजी नहीं था, क्योंकि दिल्ली से निर्देश मिले बिना कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।

डिप्टी सीएम शिवकुमार ने शुक्रवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "अल्पसंख्यक नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई में कुछ भी निजी नहीं है। पार्टी के पास अपनी रिपोर्ट है। जब किसी मौजूदा एमएलए या एमएलसी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाती है तो दिल्ली से निर्देश मिले बिना हमारे स्तर पर ऐसा नहीं किया जा सकता।"

उन्‍होंने कहा कि हमें मिले निर्देशों के आधार पर ही काम करना होता है। वे मुझ पर आरोप लगा सकते हैं, लेकिन मुझे ऐसे आरोपों की परवाह नहीं है। हमें पार्टी के अनुशासन के तहत ही काम करना होता है।

इस घटनाक्रम से अल्पसंख्यक समुदाय में कोई गलत संदेश जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी का अस्तित्व ही अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, किसानों, ओबीसी और अल्पसंख्यकों को न्याय दिलाने के लिए है।"

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से मतभेदों की खबरों पर उन्होंने कहा कि हम हर दिन आपस में बात करते हैं और मुद्दों पर चर्चा करते हैं। आप मेरे खेमे की बात करते हैं। मेरा खेमा आखिर है कहां? क्या किसी ने कोई नेमप्लेट लगा रखी है जिस पर लिखा हो कि वह सिद्दारमैया के खेमे का है? सभी 139 विधायक हैं, और वे सिद्दारमैया के विधायक भी हैं। हमारे बीच कोई खेमेबाजी नहीं है।"

उन्‍होंने कहा कि मीडिया हमेशा शिवकुमार और सिद्दारमैया के खेमों की बातें करता रहता है। क्या आपको सच में पता है कि कौन-सा विधायक किस गुट का है? पार्टी के भीतर कोई विरोधाभास नहीं है। सभी 139 विधायक एक ही गुट कांग्रेस गुट के हैं।

बता दें कि एक बड़े घटनाक्रम में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को विधान परिषद सदस्य अब्दुल जब्बार को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था।

उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने निलंबन आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।

पत्र में कहा गया था, "विधान परिषद के सदस्य अब्दुल जब्बार को, दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुए उपचुनाव के दौरान उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है।"

अब्दुल जब्बार राज्य पार्टी के अल्पसंख्यक विंग का नेतृत्व कर रहे थे और उन्हें पहले इस पद से इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। उनका इस्तीफा स्वीकार करने के बाद उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने अल्पसंख्यक विंग को भंग कर दिया। अब्दुल जब्बार दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की भी इच्छा रखते थे।

यह ध्यान दिया जा सकता है कि कांग्रेस विधान परिषद सदस्य नसीर अहमद को भी 14 अप्रैल को इसी तरह के कारणों से मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के राजनीतिक सलाहकार के पद से हटा दिया गया था।

बता दें कि मुस्लिम समुदाय के नेताओं ने गुरुवार को उपचुनावों के दौरान कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर एमएलसी अब्दुल जब्बार और नसीर अहमद के खिलाफ की गई कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया था। पार्टी पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उन्होंने सत्ताधारी कांग्रेस नेतृत्व को इसके परिणामों की चेतावनी दी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 April 2026 5:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story