खरगे ने केरल में यूडीएफ अभियान की शुरुआत की, एलडीएफ और भाजपा पर साधा निशाना

खरगे ने केरल में यूडीएफ अभियान की शुरुआत की, एलडीएफ और भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को केरल में कांग्रेस-नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

कोझिकोड, 25 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को केरल में कांग्रेस-नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

कोझिकोड में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने आरोप लगाया कि माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ और भाजपा के बीच अंदरूनी समझ है। उन्होंने कहा, “माकपा को दिया गया वोट दरअसल भाजपा को ही फायदा पहुंचाता है।” खड़गे ने दावा किया कि कई सीटों पर भाजपा के कमजोर उम्मीदवार उतारना इसी कथित राजनीतिक समझ का संकेत है, जिसका मकसद कांग्रेस-नीत यूडीएफ को सत्ता से दूर रखना है।

उन्होंने कहा कि केरल में पिछले 10 वर्षों से वामपंथी सरकार है, लेकिन अब राज्य बदलाव चाहता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए सरकार पर बढ़ते कर्ज, बेरोजगारी और सामाजिक समस्याओं का आरोप लगाया कि एलडीएफ को राज्य को बदलने के लिए दस साल मिले, लेकिन उन्होंने क्या दिया?

खड़गे के मुताबिक, राज्य पर करीब 6 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और प्रति व्यक्ति कर्ज लगभग 1.7 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य में विकास के बजाय “शराब की दुकानों की संख्या ज्यादा बढ़ी है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था और प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि ड्रग्स से जुड़े मामलों में केरल देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है और इस मामले में केवल पंजाब ही उससे आगे है। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब होने, अस्पतालों की बदहाल हालत और बैकडोर नियुक्तियों का आरोप भी लगाया।

सबरीमाला मुद्दे का जिक्र करते हुए खड़गे ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की सरकार पर मंदिर की परंपराओं की रक्षा न कर पाने का आरोप लगाया। उन्होंने गोल्ड स्मगलिंग मामलों में भी सरकार को घेरा।

उन्होंने “सिर्फ सुर्खियां बटोरने वाले वादों” पर निशाना साधते हुए लियोनेल मेसी के केरल दौरे के दावे को भ्रामक बताया। इसके विपरीत, उन्होंने राहुल गांधी के उस वादे का जिक्र किया, जिसमें राज्य में फीफा मान्यता प्राप्त स्टेडियम बनाने की बात कही गई है, जहां क्रिस्टियानो रोनाल्डो, नेमार और सुनील छेत्री जैसे खिलाड़ी खेल सकते हैं।

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में अपने वादों को पूरा किया है। उन्होंने मतदाताओं से यूडीएफ को समर्थन देने की अपील करते हुए जवाबदेह सरकार और केरल के विकास को नई दिशा देने का भरोसा दिलाया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 March 2026 10:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story