कोलकाता पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के देश में रह रही थाई महिला को स्पा सेंटर से किया गिरफ्तार
कोलकाता, 3 अगस्त (आईएएनएस)। बिना वैध दस्तावेज के थाई महिला को कोलकाता के स्पा से गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को कोलकाता पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि एक थाई महिला को दक्षिण कोलकाता के एक स्पा से गिरफ्तार किया गया है।
देश में कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने के अभियान के बीच कोलकाता में थाई महिला को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को सरत बोस रोड पर एक स्पा में छापा मारा और अभियान के दौरान महिला को हिरासत में लिया। इस मामले को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। बाद में और जानकारी शेयर की जाएगी।"
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान थाई महिला वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाई। पुलिस ने उसके पासपोर्ट और वीजा रिकॉर्ड की जांच की तो सामने आया कि उसका थाई पासपोर्ट 2025 में एक्सपायर हो गया था जबकि उसका भारतीय टूरिस्ट वीजा 27 फरवरी 2021 को खत्म हो गया था। दोनों डॉक्यूमेंट्स के एक्सपायर होने के बावजूद वह कथित तौर पर जरूरी कानूनी इजाजत लिए बिना देश में रह रही थी।
अधिकारियों ने कहा कि केंद्र ने हाल ही में दोहराया है कि बिना वैध वीजा या दूसरे जरूरी डॉक्यूमेंट्स वाले विदेशी नागरिकों को भारत में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इन निर्देशों के बाद पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए कोलकाता और पश्चिम बंगाल के दूसरे हिस्सों में निगरानी बढ़ा दी।
होटल, गेस्ट हाउस, स्पा, किराए के घरों और दूसरी जगहों पर नियमित निरीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई है। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि थाई नागरिक इतने लंबे समय तक भारत में कैसे रही, वह कहां रह रही थी, उसके संपर्क में कौन थे और क्या उसका किसी ऑर्गनाइज्ड नेटवर्क से कोई लिंक था।
सेंट्रल एजेंसियों को भी गिरफ्तारी के बारे में बता दिया गया है। महिला को कोलकाता में फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) के सामने पेश किया जाना है। आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी होने तक, उसे टॉलीगंज महिला पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Aug 2026 3:39 PM IST












