मणिपुर के सीएम ने हज यात्रियों से राज्य में शांति के लिए दुआ करने की अपील की

मणिपुर के सीएम ने हज यात्रियों से राज्य में शांति के लिए दुआ करने की अपील की
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने गुरुवार को राज्य के हज यात्रियों से मणिपुर में शांति और सौहार्द के लिए दुआ करने की अपील की।

इंफाल, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने गुरुवार को राज्य के हज यात्रियों से मणिपुर में शांति और सौहार्द के लिए दुआ करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों, खासकर मैतेई पंगल समुदाय के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। ये यात्री इम्फाल से कोलकाता रवाना हुए हैं, जहां से वे मदीना के लिए आगे की यात्रा करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने कहा, ''मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी हज यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचें और पूरी यात्रा के दौरान स्वस्थ रहें।''

राज्य के मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों से कहा, ''मणिपुर में हाल के कठिन समय और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के बीच मैं हज यात्रियों से अपील करता हूं कि वे ईश्वर से दुआ करें और राज्य में शांति व स्थिरता बहाल करने के हमारे सामूहिक प्रयासों के लिए आशीर्वाद मांगें।''

मुख्यमंत्री ने यह बात इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हज यात्रियों को विदा करते समय कही।

इस वर्ष मणिपुर राज्य हज समिति के तहत कुल 379 लोगों का हज के लिए चयन हुआ है। इनमें से 172 यात्री बुधवार को कोलकाता के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि बाकी 207 यात्री गुरुवार को रवाना हुए।

अल्पसंख्यक कार्य निदेशालय की ओर से आयोजित विदाई कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री खुरैजाम लोकेन सिंह, विधायक कोंगखाम रोबिंद्रो सिंह, शेख नूरुल हसन, पूर्व विधायक वाई. अंतास खान और इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक चिपेम्मी केइशिंग समेत कई लोग मौजूद रहे।

पर्यटन मंत्री लोकेन सिंह ने फेसबुक पोस्ट में हज यात्रियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस मौके को 'भावुक और गर्व का क्षण' बताया।

उन्होंने कहा, 'यह पवित्र यात्रा अटूट आस्था, समर्पण और एकता का प्रतीक है, जो अपने साथ लोगों की उम्मीदें और दुआएं लेकर जा रही है।'

मंत्री ने कहा, ''ईश्वर उनकी यात्रा को कृपा, अच्छे स्वास्थ्य और आंतरिक शांति से भर दे। उनकी दुआएं मणिपुर और देश में शांति, समृद्धि और खुशहाली लाएं।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 11:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story