महिला शादी के दो महीने बाद मृत मिली महिला, परिवार ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का लगाया आरोप
नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली की लोधी कॉलोनी इलाके में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि दो महीना पहले ही महिला की शादी हुई है।
मृतका की पहचान आकृति सुतार के तौर पर हुई है। 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का के साथ उसकी शादी हुई थी। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, आकृति छतरपुर में एक प्राइवेट फर्म में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी। वह पुष्प विहार में रहती थी। उसकी लाश लोधी कॉलोनी में एक रेजिडेंशियल सोसाइटी के अंदर जमीन पर मिली, जो उसके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। पुलिस को शक है कि वह बिल्डिंग से गिर गई, लेकिन मौत का सही कारण अभी सामने नहीं आया है।
वहीं, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की गई है। परिवार ने कहा कि आकृति को शादी के बाद से ही लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि उसका पति और उसके रिश्तेदार 20 लाख रुपए मांग रहे थे। वे बार-बार उसे धमकाते और उसके साथ बुरा बर्ताव करते थे।
परिवार के अनुसार, आकृति ने शनिवार शाम करीब 6 बजे अपनी मां से भी बात की थी। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर ऑफिस की मीटिंग का जिक्र किया और कहा कि वह घर जा रही है। उसके रिश्तेदारों ने कहा कि वह बिल्कुल सामान्य लग रही थी और उसने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया कि कुछ गलत है।
चाचा मनंजय सुतार ने कहा कि परिवार को रात करीब 8 बजे आकृति के पति अरस्तु सिक्का का फोन आया, जिसमें बताया गया कि आकृति गायब है। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क करके बताया कि लोधी कॉलोनी के पालिका कुंज में एक महिला की लाश मिली है।
छोटे भाई अमय सुतार ने सुसाइड की बात को खारिज करते हुए कहा कि आकृति दिमागी तौर पर मजबूत थी और उसने ऐसा कदम कभी नहीं उठाया होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अरस्तु ने उसे कई बार जान से मारने की धमकी दी थी और घटना से ठीक दो दिन पहले दोनों के बीच काफी बहस हुई थी।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। परिवार के आरोपों समेत सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 11:17 AM IST












