मणिपुर दो गुटों के बीच झड़प में एक उग्रवादी मारा गया, छह घायल, ऑयल पंप पर फेंका ग्रेनेड
इम्फाल, 30 अगस्त (आईएएनएस)। मणिपुर के नोनी जिले में एक उग्रवादी संगठन के दो गुटों के बीच हुई सशस्त्र झड़प में एक उग्रवादी मारा गया और छह अन्य घायल हो गए, जबकि थौबल जिले में अज्ञात लोगों ने एक ऑयल पंप पर ग्रेनेड फेंका।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नोनी में जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट- कामसन (जेडयूएफ-के) और जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-जेनचुई (जेडयूएफ-जे) के कैडरों के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई।
इस झड़प के दौरान जेडयूएफ-जे के एक स्वयंभू सेकंड लेफ्टिनेंट, जिनकी पहचान 29 वर्षीय जंगाइलिंग गोनमेई के तौर पर हुई है, को गोली लगी और बाद में उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में जेएयूएफ-जे गुट के छह अन्य कैडर भी घायल हो गए।
घायल उग्रवादियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई।
अधिकारियों ने बताया कि बाकी उग्रवादियों की हालत और उनके ठिकाने के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एक अलग घटना में शनिवार की शाम को मणिपुर के थोउबल में अज्ञात लोगों ने एक ऑयल पंप पर ग्रेनेड फेंका। हालांकि, इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि हमलावर कार में आए और ग्रेनेड फेंका, जो पेट्रोल पंप परिसर के अंदर खड़े एक ऑयल टैंकर के पास फटा।
अधिकारी ने आगे बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
इस बीच, मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने काकचिंग जिले से एक कट्टर उग्रवादी और उसके साथी को गिरफ्तार किया। दोनों कांगलेई यावोल कन्ना लुप संगठन से जुड़े थे। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान 26 वर्षीय युमनाम रोहेनजीत मेइतेई उर्फ अकुई और 26 वर्षीय शाकाचंद युमनाम उर्फ चंद के तौर पर हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों कथित तौर पर जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल थे।
सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास से राइफल की दो खाली मैगजीन, 27 जिंदा इनसास राउंड, एक हैंडसेट, दो स्लिंग, एक प्लेट वाली बुलेटप्रूफ जैकेट, टैक्टिकल बूट्स की एक जोड़ी और एक मैगजीन पाउच बरामद किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 8:38 PM IST












