भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया: फडणवीस ने कहा - हिंदुओं के रक्त में सहिष्णुता, इसका मतलब मार खाना नहीं, सभी धर्मों का सम्मान करना ही धर्म की सीख

फडणवीस ने कहा - हिंदुओं के रक्त में सहिष्णुता, इसका मतलब मार खाना नहीं, सभी धर्मों का सम्मान करना ही धर्म की सीख
  • साथ चलना, समान भाव रखना और सभी धर्मों का सम्मान करना ही हिंदुत्व की सीख
  • फडणवीस ने कहा कि धार्मिक सहिष्णुता हिंदुओं को सिखाने की जरूरत नहीं है

Nagpur News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि धार्मिक सहिष्णुता हिंदुओं को सिखाने की जरूरत नहीं है। सहिष्णुता हिंदुओं के रक्त में है, लेकिन इसका अर्थ मार खाना नहीं है। सहिष्णुता का मतलब सभी को साथ लेकर चलना, सभी के प्रति समान भाव रखना और सभी धर्मों का सम्मान करना है। यही हिंदुत्व ने हमें सिखाया है। मुख्यमंत्री रविवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि भारत में मुसलमान नहीं होना चाहिए, ऐसा सोचने वाला हिंदू नहीं है, फडणवीस ने कहा कि मोहनजी के वक्तव्य पर वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने जिस सिद्धांत की बात कही है, वह सही है, क्योंकि हिंदुत्व की आत्मा ही सहिष्णुता है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे पुरानी हिंदू सभ्यता आज भी अस्तित्व में है तो इसका एक प्रमुख कारण यह है कि दुनिया भर से हुए आक्रमणों के बावजूद हिंदुओं ने सहिष्णुता के साथ उनका सामना किया। कई आक्रमणकारियों को भी समाज में समाहित किया गया। जिन्हें दुनिया के कई हिस्सों में स्वीकार नहीं किया गया, उन्हें भी भारतीय संस्कृति का हिस्सा बनाकर मुख्यधारा में शामिल किया गया।

फडणवीस ने कहा कि सहिष्णुता का अर्थ यह नहीं है कि कोई हमला करे और उसका प्रतिकार न किया जाए। यदि कोई आप पर हमला करता है तो उसका प्रतिकार होना चाहिए। लेकिन हिंदू सामने से हमला नहीं करता और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है।

जरांगे से बातचीत के लिए दरवाजे खुले

मराठा आरक्षण को लेकर मनोज जरांगे पाटील के आंदोलन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलन स्थल पर सरकार के प्रतिनिधि मौजूद हैं और वे चर्चा करेंगे। सरकार ने पहले भी इस मुद्दे पर रास्ता निकाला है और आगे भी समाधान निकालने का प्रयास करेगी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुरुआत से ही संवेदनशीलता के साथ इस मामले पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो मांगें कानूनी और संविधान के दायरे में होंगी तथा सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन नहीं करती होंगी, उन सभी पर चर्चा के लिए सरकार ने दरवाजे खुले रखे हैं।

मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर फडणवीस ने कहा कि सरकार ने इसके लिए नीति तैयार की है। एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम विकसित किया गया है। किसी क्षेत्र में बाघ के आने पर वन्यजीवों की गतिविधियों से कई तरह के संकेत मिलते हैं। केवल कैमरा ट्रैप पर निर्भर रहने के बजाय विभिन्न तकनीकों और संकेतों को एक साथ जोड़कर ऐसी व्यवस्था तैयार की गई है, जिससे लोगों को समय रहते सतर्क कर सुरक्षित रखा जा सके।

समृद्धि महामार्ग डकैती मामले में एसटीएफ करेगी कार्रवाई

समृद्धि महामार्ग पर हुई डकैती की घटना को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का गठन कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

गोरेवाड़ा में बनेगा वर्ल्ड क्लास चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री ने गोरेवाड़ा चिड़ियाघर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि गोरेवाड़ा में विकसित किया जा रहा चिड़ियाघर और अफ्रीकन सफारी विश्वस्तरीय होगी। इसके विकास के जरिए गोरेवाड़ा को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।

Created On :   30 Aug 2026 8:54 PM IST

Tags

Next Story