- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर एयरपोर्ट की नौकरी का ऑफर आया...
सावधान: नागपुर एयरपोर्ट की नौकरी का ऑफर आया तो संभल जाएं, हो सकते हैं ठगी का शिकार

Nagpur News. नागपुर एयरपोर्ट पर नौकरी पाने की चाहत युवाओं को ठगों के जाल में फंसा रही है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर एयरपोर्ट, एयरलाइन और एविएशन कंपनियों के नाम से फर्जी भर्ती पोस्ट और जॉब ऑफर वायरल किए जा रहे हैं। इनमें आकर्षक पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उम्मीदवारों से रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएमआर नागपुर एयरपोर्ट और स्टार एयर ने अलर्ट जारी कर युवाओं से सावधान रहने की अपील की है।
जीएमआर ने कहा भर्ती के लिए कोई फीस नहीं
जीएमआर नागपुर एयरपोर्ट ने युवाओं को ऐसे ऑफर से बचने की सलाह दी है। कंपनी ने साफ किया है कि नौकरी के लिए कोई फीस नहीं ली जाती। रजिस्ट्रेशन या सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर भी पैसे नहीं मांगे जाते। नौकरी से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यम से लेने की सलाह दी गई है।
हो सकते हैं ठगी के शिकार... एयरपोर्ट के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी ऑफर
फर्जी मैसेज में उम्मीदवारों को एयरपोर्ट पर नौकरी देने का दावा किया जाता है। मैसेज में पद और वेतन की जानकारी भी दी जाती है। उम्मीदवार से आवेदन कराने के बाद पैसे मांगे जाते हैं। कभी रजिस्ट्रेशन फीस तो कभी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के नाम पर रकम मांगी जाती है। कुछ मामलों में सिक्योरिटी डिपॉजिट भी मांगा जाता है। नौकरी की तलाश में युवा इन संदेशों पर भरोसा कर अपनी निजी जानकारी साझा कर सकते हैं और आर्थिक ठगी का शिकार हो सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
- नौकरी के नाम पर रजिस्ट्रेशन या सिक्योरिटी फीस मांगी जाए तो सावधान रहें।
- भर्ती के लिए थर्ड-पार्टी एजेंसी या एजेंट नियुक्त नहीं
- अनजान ईमेल, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से आए ऑफर पर भरोसा न करें।
- ओटीपी, बैंक डिटेल और अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
- आवेदन से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या सत्यापित माध्यम से भर्ती की पुष्टि करें।
स्टार एयर के नाम से फर्जी ईमेल
स्टार एयर ने भी फर्जी नौकरी के ऑफर को लेकर अलर्ट जारी किया है। कंपनी के मुताबिक, फर्जी ईमेल आईडी से जॉब ऑफर भेजे जा रहे हैं। इसके बदले उम्मीदवारों से पैसे मांगे जा रहे हैं। कंपनी ने कहा है कि स्टार एयर ने कहा कि नौकरी के लिए आवेदकों से पैसे नहीं मांगती।
Created On :   30 Aug 2026 6:14 PM IST










