- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- राखी के दिन बहनों को आपली बस का...
रिश्तों की गर्माहट: राखी के दिन बहनों को आपली बस का गिफ्ट, 20 हजार ने किया मुफ्त सफर - बस चालकों और परिचालकों को बांधी राखी

Nagpur News. रक्षाबंधन पर जहां बहनें भाइयों की कलाई पर स्नेह और सुरक्षा का धागा बांध रही थीं, वहीं आपली बस भी बहनों के लिए स्नेह का तोहफा लेकर सड़कों पर दौड़ती नजर आई। महानगरपालिका के परिवहन विभाग ने महिलाओं और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए शुक्रवार को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी। महापौर नीता ठाकरे के मार्गदर्शन और परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे की पहल का शहरवासियों ने हाथोंहाथ लाभ उठाया। शाम 4 बजे तक करीब 20 हजार महिला और बाल यात्रियों ने मुफ्त सफर किया।
रक्षाबंधन की इस पहल में सिर्फ मुफ्त यात्रा ही आकर्षण का केंद्र नहीं रही, बल्कि मोरभवन बस स्टॉप पर आयोजित कार्यक्रम ने भी रिश्तों की गर्माहट बढ़ाई। यहां महापौर नीता ठाकरे, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी वखरे, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, नगरसेविका पूजा पाठक, नगरसेवक विजय होले, परिवहन विभाग के प्रशासनिक अधिकारी योगेश लुंगे सहित अधिकारी, बस ऑपरेटर तथा चालक-परिचालक मौजूद रहे। महापौर, स्थायी समिति सभापति और परिवहन समिति सभापति ने बस चालकों और परिचालकों को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
सफर मुफ्त, सुरक्षा का एहसास भी
महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि रक्षाबंधन पर नागरिक अपने परिवार और रिश्तेदारों से आसानी से मिल सकें, इसी उद्देश्य से यह सुविधा दी गई। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे ने कहा कि ‘आपली बस’ के चालक-परिचालक रोजाना हजारों यात्रियों के सफर को सुरक्षित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखने वाले इन कर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं, बल्कि सुरक्षा और विश्वास से जुड़े हर रिश्ते को सम्मान देने का अवसर है।
यह भी पढ़े -उपराजधानी के 40 बस स्टैंड पर अवैध कब्जा, यात्रियों के लिए न खड़े रहने, न बैठने की जगह
राखी के साथ मिला सफर का तोहफा
सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महापौर नीता ठाकरे, परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन के प्रयासों से महिलाओं को रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा का लाभ मिला। उन्होंने इस पहल के लिए संबंधित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
परिवहन विभाग ने इसे नागपुरवासियों को सुविधाजनक, भरोसेमंद और यात्री-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया कदम बताया। मुफ्त यात्रा के कारण महिलाओं और बच्चों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित मायके, ससुराल और रिश्तेदारों तक आसानी से पहुंचकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। दिनभर बसों में यात्रियों की बढ़ी संख्या ने भी इस पहल की लोकप्रियता की तस्वीर सामने रखी।
Created On :   28 Aug 2026 8:33 PM IST










