- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दहशत के बीच फिर क्लोरीन गैस लीक,...
Nagpur News: दहशत के बीच फिर क्लोरीन गैस लीक, शंकरपुर जलशुद्धिकरण केंद्र में मचा हड़कंप
Nagpur News गोधनी के जलशुद्धिकरण केंद्र से क्लोरीन गैस लीक होने की घटना का डर अभी कम भी नहीं हुआ था कि चार दिन के भीतर बेसा के शंकरपुर स्थित जलशुद्धिकरण केंद्र में भी क्लोरीन गैस के रिसाव ने हड़कंप मचा दिया। गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे कर्मचारियों को गैस की तेज दुर्गंध महसूस हुई। सूचना मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस, नगर पंचायत और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने एहतियातन परिसर खाली कराया। जेसीबी की मदद से लीकेज वाले सिलेंडर को बाहर निकालने के बाद हालात काबू में आए।
समय रहते टली अनहोनी : अधिकारियों के अनुसार, 20 लाख लीटर क्षमता वाले टैंक के लिए क्लोरीन सिलेंडर लगाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर के वॉल्व में खराबी के कारण रिसाव हुआ। दुर्गंध आते ही कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी भारत नंदनवार, नायब तहसीलदार सचिन शेंडे, पुलिस निरीक्षक अहिरकर और ग्राम पंचायत सदस्य आशीष भोयर मौके पर पहुंचे। अग्निशमन दल ने भी मोर्चा संभाला। पुलिस द्वारा इलाके को खाली कराया गया है। कुछ ही घंटों के भीतर हालात नियत्रण में आ गए।
14 गांवों को यहीं से पानी : इस जलशुद्धिकरण केंद्र से बेसा नगर पंचायत क्षेत्र के अलावा बहादुरा, शंकरपुर समेत करीब 14 गांवों में पानी की आपूर्ति होती है। केंद्र में 14 लाख और 20 लाख लीटर क्षमता के दो टैंक हैं। पानी के शुद्धिकरण के लिए यहां क्लोरीन गैस के सिलेंडर लगाए जाते हैं।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र में मूर्ति बनाने वालों की कला को बढ़ावा देने दिल्ली के महा-हाटी एम्पोरियम में बिकेंगी गणेश की मूर्तियां
चार दिन में दूसरी घटना, चिंतनीय : क्लोरीन गैस रिसाव की यह चार दिन में दूसरी घटना है। इससे पहले गोधनी के एमजीपी जलशुद्धिकरण केंद्र में करीब 900 किलो क्लोरीन गैस लीक हुई थी। घटना में 50 से अधिक लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई थी। इस घटना के बाद भी एक अन्य जलशुद्धिकरण केंद्र में गैस रिसाव सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सिलेंडर की जांच नहीं होने का आरोप : ग्रामपंचायत सदस्य आशीष भोयर ने आरोप लगाया कि यहां पार्श्व गैस प्राइवेट लिमिटेड के सिलेंडर आते हैं। सिलेंडरों की उचित जांच के बाद ही उन्हें केंद्र में लगाया जाना चाहिए। उन्होंने मामले में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वॉल्व खराब होने से हुआ रिसाव : घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। सिलेंडर लगाते समय उसके वॉल्व में खराबी के कारण मामूली रिसाव हुआ था। तत्काल कार्रवाई कर सिलेंडर को हटा दिया गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। -भारत नंदनवार, मुख्याधिकारी, बेसा-पिपला नगर पंचायत
Created On :   28 Aug 2026 3:36 PM IST
















