Nagpur News: नागपुर के संजीवनी क्वार्टर में देह व्यापार के अड्डे पर छापा, तीन महिलाएं मुक्त

नागपुर के संजीवनी क्वार्टर में देह व्यापार के अड्डे पर छापा, तीन महिलाएं मुक्त
  • यशोधरा नगर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार; पत्नी की मदद से अड्डा चलाने का आरोप
  • कम समय में ज्यादा कमाई का लालच देकर महिलाओं को धंधे में धकेलने का आरोप
  • नकद, मोबाइल और दोपहिया वाहन समेत 1.19 लाख रुपए का माल जब्त

Nagpur News वनदेवी नगर चौक के पास संजीवनी क्वार्टर में यशोधरा नगर पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार के कथित अड्डे का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को मुक्त कराया और अड्डा संचालित करने के आरोप में प्रवीण शालिकराम बिलसे (30) को गिरफ्तार किया। शुक्रवार दोपहर आरोपी और तीनों महिलाओं को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को पुलिस हिरासत (पीसीआर) में भेज दिया गया, जबकि महिलाओं को महिला सुधारगृह भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस के अनुसार, पवन नगर निवासी प्रवीण का दूसरा मकान वनदेवी चौक के पास संगम नगर स्थित संजीवनी क्वार्टर क्रमांक 34-1 में है। करीब दो दिन पहले यशोधरा नगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक युनुस चांद शेख को सूचना मिली थी कि प्रवीण अपनी पत्नी की मदद से मकान में देह व्यापार का अड्डा चला रहा है। इसके बाद पुलिस ने सादे कपड़ों में कर्मचारियों को तैनात कर मकान की गतिविधियों पर नजर रखी।

पंटर के इशारे पर पुलिस ने मारा छापा

सूचना की पुष्टि होने के बाद गुरुवार शाम पुलिस ने योजना के तहत एक पंटर को मकान में भेजा। पंटर का संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने घर में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

ज्यादा कमाई का लालच देकर फंसाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी की मदद से आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का लालच देता था और उन्हें देह व्यापार में धकेलने का आरोप है। मामले की जांच के दौरान पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि आरोपी के साथ और कौन लोग जुड़े हुए हैं।

1.19 लाख रुपए का माल जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने 8,750 रुपए नकद, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच 49 सीजे 6082 समेत कुल करीब 1 लाख 19 हजार रुपए का माल जब्त किया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


Created On :   28 Aug 2026 4:28 PM IST

Tags

Next Story