- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जेल में हुई दोस्ती पड़ी भारी, युवक...
कार्रवाई: जेल में हुई दोस्ती पड़ी भारी, युवक से मांगी 50 हजार की फिरौती, कपिल नगर थाने में मामला दर्ज

Nagpur News. जेल में हुई दोस्ती के बाद एक युवक को जान से मारने की धमकी देकर 50 हजार रुपए की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए युवक से रकम की मांग की। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में कपिल नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मादक पदार्थों के मामले में गया था जेल
काशी नगर निवासी वंश विनोद यादव (22) वाहन चालक है। उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज है। मादक पदार्थों की बिक्री के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी दौरान जेल में उसकी पहचान माजरी निवासी आरिफ बंगाली (27) से हुई और दोनों में दोस्ती हो गई। बाद में दोनों जमानत पर जेल से बाहर आ गए। जेल से बाहर आने के बाद भी उनके बीच फोन पर बातचीत होती रही।
यह भी पढ़े -शिक्षा विभाग के फर्जी अधिकारी बनकर बेरोजगारों से लाखों की ठगी, महिला समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज
वॉट्सऐप कॉल कर मांगी रकम
पुलिस के अनुसार, 24 से 26 अगस्त के बीच आरिफ ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए वंश से 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार धमकी मिलने से परेशान वंश ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
शिकायत के आधार पर गुरुवार को कपिल नगर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जेल में हुई दोस्ती के बाद फिरौती और धमकी का मामला सामने आने से वंश के लिए यह दोस्ती महंगी साबित हुई।
Created On :   28 Aug 2026 7:24 PM IST












