- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गणेश मंडलों की अनुमति के लिए मनपा...
ऑनलाइन पोर्टल का लोकार्पण: गणेश मंडलों की अनुमति के लिए मनपा की एक खिड़की व्यवस्था शुरू, 103 आवेदन प्राप्त - 101 पर प्रक्रिया शुरू

Nagpur News. गणेशोत्सव को पर्यावरणपूरक तरीके से आयोजित करने के लिए गणेश मंडलों को विभिन्न विभागों की अनुमति लेने में होने वाली परेशानी दूर करने के उद्देश्य से मनपा ने ‘एक खिड़की योजना’ शुरू की है। महापौर नीता ठाकरे ने ऑनलाइन अनुमति पोर्टल का लोकार्पण किया। 27 अगस्त से अब तक इस पोर्टल पर सार्वजनिक गणेश मंडलों के 103 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें दस्तावेजों के अभाव में दो आवेदन निरस्त किए गए हैं, जबकि 101 आवेदनों पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त आवेदनों में से दो को पुलिस विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र, दो को यातायात विभाग की अनुमति और 29 आवेदनों को अग्निशमन विभाग की अनुमति मिल चुकी है। सोमवार से मनपा के सभी 10 जोन कार्यालयों में भी ‘एक खिड़की’ व्यवस्था लागू की जाएगी। यहां पुलिस, यातायात और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। तीनों विभागों द्वारा स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट तत्काल ऑनलाइन अपलोड की जाएगी, जिससे गणेश मंडलों को समय पर अनुमति मिल सकेगी।
निर्माल्य संकलन के लिए विशेष रथ, अग्निशमन विभाग करेगा औचक निरीक्षण
गणेशोत्सव के दौरान मंडप स्थापना, अग्निशमन सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न अनुमतियों और अनापत्ति प्रमाणपत्रों की आवश्यकता होती है। अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से मंडलों को राहत देने के लिए मनपा ने इस बार सभी अनुमतियां एक ही व्यवस्था के माध्यम से उपलब्ध कराने की पहल की है।
मनपा प्रशासन ने पिछले तीन वर्षों से गणेश मंडलों से लिया जाने वाला एक हजार रुपये का स्वच्छता शुल्क बंद कर रखा है। इस वर्ष भी मंडलों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं, 200 से अधिक बड़े गणेश मंडलों से निर्माल्य संकलन के लिए विशेष निर्माल्य रथों की व्यवस्था की जाएगी। अग्निसुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग को 10 दिनों के भीतर औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
10 जोन कार्यालयों में भी आवेदन की सुविधा
शहर के सभी 10 जोन कार्यालयों में सार्वजनिक गणेश मंडलों के लिए ‘एक खिड़की योजना’ के तहत आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आवेदन के साथ गणेश मंडल के पदाधिकारियों की सूची और हलफनामा प्रस्तुत करना होगा। हलफनामे में हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप ध्वनि एवं वायु प्रदूषण रोकने के लिए की जाने वाली उपाययोजनाओं की जानकारी देनी होगी।
इच्छुक मंडल ऑनलाइन आवेदन के साथ ही आवश्यक दस्तावेज लेकर संबंधित जोन कार्यालय में प्रत्यक्ष रूप से भी आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए मनपा ने https://nmcnagpur.gov.in/RTSservices/ws/user/login.do पोर्टल उपलब्ध कराया है।
Created On :   30 Aug 2026 4:49 PM IST











