लक्ष्य: विदर्भ के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर, अनुभवी कंसल्टेंट नियुक्त करने के निर्देश - अफ्रीकन सफारी की प्रगति की समीक्षा

विदर्भ के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर, अनुभवी कंसल्टेंट नियुक्त करने के निर्देश - अफ्रीकन सफारी की प्रगति की समीक्षा
  • अनुभवी कंसल्टेंट नियुक्त करने के निर्देश
  • अफ्रीकन सफारी की प्रगति की समीक्षा
  • ताडोबा-गोरेवाड़ा को जोड़कर बढ़ाएं पर्यटकों का ठहराव
  • वन्यजीव पर्यटन के साथ नए अनुभवों पर जोर

Nagpur News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को हिंदू हृदयसम्राट स्व. बालासाहेब ठाकरे गोरेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गोरेवाड़ा में चल रहे कामों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं के लिए नई समयसीमा तय कर उन्हें निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अफ्रीकन सफारी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति, आवश्यक बुनियादी ढांचे और सफारी शुरू करने के संभावित कार्यक्रम की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अफ्रीकन सफारी के लिए आवश्यक सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

ताडोबा-गोरेवाड़ा को जोड़कर बढ़ाएं पर्यटकों का ठहराव

गोरेवाड़ा के वाइल्डलाइफ रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर स्थित वसंतराव नाईक प्रशासकीय इमारत में आयोजित समीक्षा बैठक में वन मंत्री गणेश नाइक, सांसद माया इवनाते, वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मिलिंद म्हैसकर, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख एम. श्रीनिवास राव, विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, वाइल्डलाइफ रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक शिरीष उपाध्ये, अतिरिक्त जिलाधिकारी प्रवीण महिरे, विभागीय प्रबंधक तथा प्राणी उद्यान के संचालक पांडुरंग पाखले सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अतिरिक्त मुख्य सचिव मिलिंद म्हैसकर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से गोरेवाड़ा परियोजना की अब तक की प्रगति, वर्तमान स्थिति और जारी कार्यों की जानकारी दी। इसमें वॉकिंग ट्रेल, अफ्रीकन सफारी, सफारी प्लाजा, एनिमल हॉस्पिटल और क्वारंटाइन ब्लॉक प्रमुख हैं। परियोजना के तीसरे चरण में ट्रेल ऑफ सेंसेस, बायोपार्क, नाइट जू, गोंडवाना पार्क, बायो डिस्कवरी प्लाजा और ट्राइबल ट्रेल विकसित किए जाने की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि परियोजना के आगामी विकास के लिए अनुभवी और सक्षम कंसल्टेंट की नियुक्ति की जानी चाहिए। गोरेवाड़ा का विकास करते समय दीर्घकालीन पर्यटन जरूरतों को ध्यान में रखकर समग्र नियोजन किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गोरेवाड़ा और ताडोबा दोनों पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली प्रभावी योजना तैयार की जाए। इससे पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ाने में मदद मिलेगी।

वन्यजीव पर्यटन के साथ नए अनुभवों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरेवाड़ा की योजना इस तरह तैयार की जानी चाहिए कि यहां वन्यजीव पर्यटन के साथ पर्यटकों को विभिन्न प्रकार के नए अनुभव भी मिल सकें। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षणों का विकास कर गोरेवाड़ा को विदर्भ के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Created On :   30 Aug 2026 8:27 PM IST

Tags

Next Story