नीट यूजी 2026 री-एग्जाम ओएमआर शीट पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 15 जुलाई, जल्द आएगा रिजल्ट

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम ओएमआर शीट पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 15 जुलाई, जल्द आएगा रिजल्ट
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को आयोजित नीट यूजी 2026 री-एग्जाम में शामिल अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की स्कैन कॉपी जारी करने के बाद उम्मीदवारों को याद दिलाया है कि ओएमआर रिस्पॉन्स पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। सूत्रों के अनुसार, ओएमआर रिस्पॉन्स पर आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही दिनों के भीतर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का परिणाम जारी किए जाने की संभावना है।

नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को आयोजित नीट यूजी 2026 री-एग्जाम में शामिल अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की स्कैन कॉपी जारी करने के बाद उम्मीदवारों को याद दिलाया है कि ओएमआर रिस्पॉन्स पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। सूत्रों के अनुसार, ओएमआर रिस्पॉन्स पर आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही दिनों के भीतर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का परिणाम जारी किए जाने की संभावना है।

एनटीए ने बताया कि प्रत्येक आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को 200 रुपए का शुल्क देना होगा। यदि किसी अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है तो यह राशि वापस कर दी जाएगी। री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 28 जून को ही समाप्त हो चुकी थी।

इस महीने की शुरुआत में एनटीए ने नीट यूजी 2026 परीक्षा शुल्क वापसी की प्रक्रिया भी शुरू की थी। इसके लिए अभ्यर्थियों से आधिकारिक पोर्टल पर अपने बैंक खाते का विवरण अपडेट करने को कहा गया था।

21 जून को आयोजित नीट यूजी 2026 री-टेस्ट बिना किसी बड़ी बाधा के संपन्न होने के बाद एनटीए ने इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पूरे सरकारी तंत्र की सराहना की थी और इसमें शामिल करीब सात लाख अधिकारियों का आभार जताया था।

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, "टीम एनटीए, टीम भारत। एक परीक्षा, सबके सहयोग से सफल।" एजेंसी ने कहा था कि वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।"

3 मई को आयोजित मूल परीक्षा को अनियमितताओं के कारण रद्द करना पड़ा था। एनटीए ने बताया कि 21 जून को आयोजित री-एग्जाम में पूरे सरकारी तंत्र ने समन्वित प्रयास किए। लगभग 10,000 दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

एनटीए के अनुसार, करीब सात लाख अधिकारी, जिनमें पुलिस बल, पर्यवेक्षक और परीक्षा कर्मी शामिल थे, पूरे देश में इस परीक्षा के संचालन के लिए तैनात किए गए। एजेंसी ने यह भी कहा कि यह पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड 37 दिनों में पूरी की गई।

एनटीए ने देशभर के शैक्षणिक संस्थानों के उन विशेषज्ञों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने निजी समय में कई सेट प्रश्नपत्र तैयार करने में सहयोग दिया।

एजेंसी ने कहा, "20 लाख से अधिक अभ्यर्थी, एक परीक्षा और पूरे देश का प्रशासनिक तंत्र—मंत्रालय, नौकरशाही, पुलिस, जिला और स्थानीय प्रशासन—सिर्फ इस उद्देश्य से एकजुट हुआ कि हर अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के परीक्षा दे सके।"

अपने संदेश के अंत में एनटीए ने कहा, "21 जून को परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई और इस परीक्षा को सफल बनाने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। टीम एनटीए, टीम भारत। एक परीक्षा, सबके सहयोग से सफल।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 8:48 PM IST

Tags

Next Story