भीषण हादसा: लेह-लद्दाख घूमने गए वाशिम के दो युवा वकीलों की सड़क हादसे में मौत, हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी की थी

लेह-लद्दाख घूमने गए वाशिम के दो युवा वकीलों की सड़क हादसे में मौत, हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी की थी
  • दो युवा वकीलों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत
  • हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी कर बार काउंसिल का लाइसेंस प्राप्त किया

Risod News. लेह-लद्दाख घूमने गए वाशिम जिले के दो युवा वकीलों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। रविवार, 12 जुलाई की दोपहर हुए हादसे में रिसोड़ निवासी एड. कुणाल संतोष चोपड़े (24) और कारंजा निवासी एड. राघव देशपांडे (25) की मौके पर ही मौत हो गई। हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी कर बार काउंसिल का लाइसेंस प्राप्त करने वाले दोनों युवाओं की असामयिक मृत्यु से पूरे जिले में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, जिले और आसपास के क्षेत्रों के आठ युवक 7 जुलाई को लेह-लद्दाख भ्रमण के लिए गए थे। 12 जुलाई को सभी दोस्त मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे सेना के एक वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कुणाल चोपड़े और राघव देशपांडे की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक कुणाल चोपड़े, दिग्रस नगर परिषद के लेखा अधिकारी संतोष चोपड़े के पुत्र तथा पत्रकार सतीश चोपड़े के भतीजे थे।

सोमवार, 13 जुलाई को लेह में पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद मंगलवार, 14 जुलाई को दोनों के शव भारतीय वायु सेना के विमान से लेह से दिल्ली और फिर नागपुर लाए गए। नागपुर से राघव देशपांडे का पार्थिव शरीर कारंजा तथा कुणाल चोपड़े का पार्थिव शरीर रिसोड़ पहुंचाया गया, जहां मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Created On :   14 July 2026 10:14 PM IST

Tags

Next Story